
JAS-2025 की खास बातें
JAS-2025 इस बार और भी अधिक भव्य और विशिष्ट होगा। इस शो में कुल 310 बूथ होंगे, जिनमें 185 बूथ रंगीन रत्नों और 125 बूथ ज्वेलरी के लिए निर्धारित हैं। जयपुर के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, सूरत, बीकानेर, मेरठ और कोटा जैसे शहरों से भी 24 से अधिक प्रतिष्ठित एक्सहिबिटर्स भाग ले रहे हैं।
अब तक 1200 से अधिक ट्रेड बायर्स ने पंजीकरण करवाया है, जबकि 600 से अधिक होस्टेड बायर्स के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था भी ज्वैलर्स असोसिएशन द्वारा की गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के तहत भारत-थाई चैम्बर ऑफ कॉमर्स और दुबई से भी ज्वैलर्स शो में भाग लेने आ रहे हैं।
जयपुर की जड़ाऊ ज्वेलरी और एमरल्ड की चमक
जयपुर को वैश्विक स्तर पर रत्न नगरी के रूप में जाना जाता है और यहां पर दुनिया के 95% एमरल्ड की प्रोसेसिंग होती है। JAS-2025 में एमरल्ड के अलावा 100 से अधिक प्रकार के बेशकीमती रत्न भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जिन्हें जयपुर के कुशल कारीगरों ने तराशा है।
इस बार कुंदन, मीना, पोलकी जड़ाऊ ज्वेलरी, ओपन सेटिंग, डायमंड और जेमस्टोन ज्वेलरी के लेटेस्ट डिजाइनों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
शानदार व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंध
JAS-2025 के आयोजन में ट्रेड बायर्स के लिए JAS Royal Lounge की व्यवस्था की गई है, जहां उन्हें आरामदायक और लक्ज़री माहौल मिलेगा। भोजन में राजस्थानी, पंजाबी और कॉन्टिनेंटल व्यंजन परोसे जाएंगे ताकि आगंतुक जयपुर की आतिथ्य परंपरा को न भूलें।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे शो परिसर को 24×7 सीसीटीवी निगरानी, पुलिस, बाउंसर और गार्ड की तैनाती के साथ सुरक्षित किया गया है।

ज्वैलर्स एसोसिएशन की गौरवमयी विरासत
1927 में स्थापित ज्वैलर्स एसोसिएशन, जयपुर आज देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित संगठनों में गिना जाता है। इस संगठन ने जयपुर के रत्न और आभूषण व्यवसाय को संगठित और वैश्विक पहचान दिलाई है। इसके इतिहास में विमलचंद सुराणा, नवरत्न कोठारी, सतीश दुर्लभजी जैसे अनेकों महानुभावों का अमूल्य योगदान रहा है।

Jewellery Eminence Award (JEA) – 17वां संस्करण
JAS-2025 के दौरान 5 जुलाई को Jewellery Eminence Award का 17वां संस्करण आयोजित होगा, जिसमें 605 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं — यह पिछले वर्ष की तुलना में 68% अधिक हैं। इन प्रविष्टियों में 505 ज्वैलर्स से और 100+ प्रोफेशनल कैटेगरी से मिली हैं।
13 जून को होटल Rose Amer में फाइनल जूरी राउंड आयोजित हुआ, जिसमें प्रसिद्ध हस्तियों जैसे कल्पना देवी (विधायक), शालिन जवेरी (मुंबई), हिमांग अग्रवाल (वाराणसी), स्वास्तिका गर्ग, तरंग अरोड़ा (आम्रपाली), यश अग्रवाल, आदि ने ज्वैलरी की मौलिकता, डिजाइन, सौंदर्य और क्रिएटिविटी के आधार पर मूल्यांकन किया।
इस वर्ष की JEA थीम “Royale D’Art” रखी गई है, जो महाराजाओं की भव्यता को समर्पित है।
सम्मान और मनोरंजन का संगम – गाला नाइट
5 जुलाई को आयोजित होने वाली गाला नाइट में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि बॉलीवुड अभिनेत्री शाज़ान पदमसी (हाउसफुल-2 फेम) अवॉर्ड वितरित करेंगी। इस रात लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा। यह शाम उद्योगजगत के लिए नेटवर्किंग और जश्न का अद्भुत संगम होगी।