
जयपुर स्थापना के 300 वर्ष: दिया कुमारी बोलीं- हैरिटेज ब्रांडिंग से राजस्थान में ग्लोबल ट्यूरिज्म बूस्ट, जल्द शुरु करेंगे बंद पड़ी RTDC होटल्स…!
जयपुर@300 की तैयारी तेज…
जयपुर स्थापना के 300 वर्ष जुड़ेगा वैश्विक हेरिटेज ब्रांडिंग से
राजस्थान को ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की रणनीति पर जोर
जवाहर कला केन्द्र,शिल्पग्राम,आमेर,पुष्कर,तनोट सहित कई परियोजनाओं की समीक्षा
पर्यटन विभाग के सभी प्रोजेक्ट समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश
यूरोप की गर्मी और राजस्थान के अनुकूल मौसम से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद
RTDC की 40 से अधिक बंद होटल एवं संपत्तियों पर जल्द सकारात्मक निर्णय के संकेत
माही राठौड़
जयपुर,dusrikhabar.com। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन एवं कला-संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूरे होने के अवसर को राज्य के पर्यटन के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। पर्यटन भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में जयपुर की हेरिटेज ब्रांडिंग, प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं, अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियान और RTDC की बंद संपत्तियों को दोबारा शुरू करने सहित कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 3 जुलाई, शुक्रवार, 2026
जयपुर@300 बनेगा राजस्थान की वैश्विक पहचान का आधार
पर्यटन भवन में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूरे होने पर प्रस्तावित समारोहों की रूपरेखा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में शासन सचिव शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
दिया कुमारी ने कहा कि जयपुर के 300 वर्ष पूरे होना केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध विरासत, शौर्य, आस्था, कला-संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने का सुनहरा अवसर है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जयपुर की हेरिटेज ब्रांडिंग को इस तरह विकसित किया जाए कि राजस्थान दुनिया के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और अधिक मजबूती से स्थापित हो सके।
read also:डॉक्टरों की मुस्कान भी है जरूरी: ‘Behind the Mask’ कार्यक्रम ने दिया मानसिक सुकून और नई प्रेरणा
जवाहर कला केन्द्र से आमेर मास्टर प्लान तक कई परियोजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
चर्चा के प्रमुख बिंदुओं में शामिल रहे—
- जवाहर कला केन्द्र और शिल्पग्राम को विश्वस्तरीय कला एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना
- रविंद्र मंच के विकास संबंधी प्रस्ताव
- जैसलमेर सीमा स्थित तनोट माता मंदिर परिसर का BSF के समन्वय से विकास
- पुष्कर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट
- पर्यटन के लिए मीडिया बायिंग एवं क्रिएटिव मीडिया कैंपेन
- आमेर लाइट एंड साउंड शो
- पर्यटन विभाग का नया टूरिज्म ऐप
- महाराणा प्रताप सर्किट
- विदेश मंत्रालय (MEA) के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय प्रचार
- वॉल्ड सिटी में म्यूजियम परियोजना
- अल्बर्ट हॉल म्यूजियम रिनोवेशन
- आमेर मास्टर प्लान
- झुंझुनूं वॉर म्यूजियम
- पर्यटन विभाग के क्रिएटिव कैंपेन की शूटिंग शेड्यूल
अधिकारियों ने इन सभी परियोजनाओं की प्रगति से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस दौरान दिया कुमारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि पर्यटन क्षेत्र को शीघ्र लाभ मिल सके।
read also:उत्तराखंड में टूट रहे पहाड़! मुंबई की सड़कें बनीं दरिया… 7 तस्वीरों में देखें मौसम का कहर
राजस्थान में बढ़ेंगे पर्यटक, RTDC की बंद होटलों पर जल्द आएगा बड़ा फैसला
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिया कुमारी ने राजस्थान में लगातार बढ़ रहे पर्यटकों की संख्या पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यूरोप में भीषण गर्मी और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक अब राजस्थान को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं मानसून के बाद प्रदेश का मौसम भी पर्यटन के लिए अनुकूल हो गया है, जिससे आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
RTDC की वर्षों से बंद पड़ी 40 से अधिक होटल एवं अन्य संपत्तियों के संबंध में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही RTDC की बंद संपत्तियों को दोबारा शुरू करने को लेकर सकारात्मक निर्णय ले सकती है। इन होटल्स के संचालन से पर्यटन को मजबूती मिलने के साथ-साथ राज्य सरकार के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जो प्रदेश के विकास में सहायक बनेगी।
——————————
#DiyaKumari, #Jaipur300, #RajasthanTourism, #HeritageBranding, #RTDC, #JaipurHeritage, #TourismDepartment, #AmerFort,#Pushkar, #AlbertHall, #TanotMata, #RajasthanNews, #TourismProjects,#JaipurNews, #TravelRajasthan, जयपुर 300 वर्ष, दिया कुमारी, राजस्थान पर्यटन, जयपुर हेरिटेज ब्रांडिंग, RTDC होटल्स, राजस्थान टूरिज्म, पर्यटन विभाग राजस्थान, आमेर मास्टर प्लान, पुष्कर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट, टूरिज्म ऐप, अल्बर्ट हॉल रिनोवेशन, महाराणा प्रताप सर्किट, तनोट माता मंदिर, राजस्थान ग्लोबल टूरिज्म
