
मणिपाल यूनिवर्सिटी में होली पार्टी के दौरान बड़ा हादसा: क्रेन गिरने से 20 स्टूडेंट्स घायल
मणिपाल यूनिवर्सिटी में रेन डांस के बीच अचानक गिरा लोहे का स्क्वायर ढांचा
17 छात्र मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती,
3 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी
पुलिस ने शुरू की जांच, बगरु थाना टीम मौके पर पहुंची
नवीन सक्सेना,
जयपुर,dusrikhabar.com। होली के रंगों के बीच खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर में आयोजित होली पार्टी के दौरान एक क्रेननुमा लोहे का ढांचा अचानक गिर पड़ा। इस हादसे में करीब 20 स्टूडेंट्स घायल हो गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है, जब कैंपस में छात्र-छात्राएं डीजे की धुन पर रेन डांस कर रहे थे।
डीजे सेटअप के साथ लगा था लोहे का स्क्वायर और क्रेन ढांचा
जानकारी के अनुसार, मणिपाल यूनिवर्सिटी कैंपस में होली समारोह के लिए विशेष स्टेज और डीजे सेटअप लगाया गया था। इसी के साथ एक लोहे का स्क्वायर फ्रेम और क्रेननुमा ढांचा खड़ा किया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र उस क्रेन संरचना पर लटक गए। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और पूरा ढांचा अचानक नीचे आ गिरा। इस होली पार्टी हादसा में आसपास मौजूद कई छात्र उसकी चपेट में आ गए।
17 छात्र अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 17 स्टूडेंट्स को मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश छात्रों को चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बगरु थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैंपस में छात्र-छात्राएं होली पार्टी के दौरान रेन डांस कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों के क्रेन पर लटकने से बैलेंस बिगड़ गया, जिसके कारण ढांचा गिर पड़ा और यह क्रेन गिरने का हादसा हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————-
#JaipurNews, #ManipalUniversity, #HoliParty, #CraneAccident, #StudentInjury, #BagruPolice, #CampusNews, #RajasthanNews, मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर, होली पार्टी हादसा, क्रेन गिरने का हादसा, 20 स्टूडेंट्स घायल, जयपुर न्यूज, रेन डांस हादसा, बगरु थाना पुलिस
