Visitors: 6905846
जयपुर में गर्भवती लिव-इन पार्टनर की हत्या, लॉन में दफनाया शव: अफेयर के शक में वारदात का आरोप

जयपुर में गर्भवती लिव-इन पार्टनर की हत्या, लॉन में दफनाया शव: अफेयर के शक में वारदात का आरोप

चार दिन तक घर में छिपाकर रखा किरण का शव, बदबू आने पर खुला राज

आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सुनाई आत्महत्या की कहानी

आरोपी ने 32 साल की गर्भवती किरण के शव को मकान के लॉन में गड्ढा खोदकर दफनाया

27 सितंबर को बदबू आने के बाद मकान मालिक को हुआ संदेह 

मिट्टी हटाने पर महिला का हाथ दिखाई दिया, जिसके बाद हत्या का हुआ खुलासा

संदीप बहल

जयपुर,dusrikhabar.com। बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी में एक गर्भवती महिला की हत्या और उसके शव को घर के लॉन में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मृतका किरण (32) अपने लिव-इन पार्टनर प्रवेश रावत (22) के साथ रह रही थी। प्रवेश को महिला के किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी शक के चलते उसने कथित तौर पर किरण की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के सामने बने लॉन में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

पुलिस के मुताबिक, शव को छिपाने के बाद आरोपी ने उस पर नमक डाला और फिर कुछ समय तक सामान्य तरीके से काम करता रहा। बाद में पुलिस से बचने के लिए मोबाइल बंद कर जयपुर से बाहर निकल गया। हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर उसे पकड़ लिया।

read also:जयपुर के निजी अस्पताल की कैंटीन में 4 दिन पुराना तैयार सब्जी का मसाला मिला, फूड सेफ्टी टीम ने लिए सैंपल

लॉन की मिट्टी और बदबू ने खोला हत्या का राज

मामले का खुलासा 27 सितंबर की सुबह हुआ। मकान मालिक कृष्ण कुमार मीणा (52) घर की देखरेख के लिए प्रेस्टीज कॉलोनी स्थित मकान पर पहुंचे थे। किराएदार प्रवेश का मोबाइल बंद मिला। मकान के आगे लॉन में पहुंचने पर उन्हें मिट्टी खुदी हुई दिखाई दी और वहां से तेज बदबू आ रही थी।

संदेह होने पर उन्होंने प्रवेश के जीजा को बुलाया। मिट्टी हटाने पर महिला का हाथ दिखाई दिया। सूचना मिलने के बाद बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतका की पहचान किरण के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, वह करीब छह महीने की गर्भवती थी। एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया अस्पताल भेजा गया।

अफेयर के शक ने बढ़ाया विवाद

पुलिस जांच के अनुसार, प्रवेश और किरण जनवरी में गांव से साथ आए थे और पिछले करीब दो महीने से जयपुर में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि किरण रिश्ते में प्रवेश की चाची थी और दोनों लिव-इन में रह रहे थे।

read also:IIM उदयपुर में BCI युवा इन्वेस्टर कनेक्ट 2026, स्टार्टअप्स को मिले निवेशकों से जुड़ने के अवसर

प्रवेश काम पर जाते समय मोबाइल घर पर छोड़ जाता था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उसे शक था कि किरण उसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की अलसुबह प्रवेश ने कथित तौर पर किरण की गला दबाकर हत्या कर दी।

शव को लॉन में दफनाने की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद प्रवेश काफी देर तक शव के पास बैठा रहा। इसके बाद उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के आगे बने लॉन में गड्ढा खोदा। उसने शव को गड्ढे में डालकर ऊपर से नमक डाला और मिट्टी से ढक दिया। इसके बाद मकान को लॉक कर वह वहां से निकल गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उसने अगले दिन सामोद हनुमान मंदिर जाकर दर्शन किए। इसके बाद वह वापस जयपुर आया और 25 व 26 सितंबर को फैक्ट्री में काम करता रहा।

पुलिस को चकमा देने के लिए बदला बयान

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में हत्या से इनकार किया। गिरफ्तार होने के बाद उसने पुलिस को बताया कि किरण ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी और जब वह घर पहुंचा तो उसे फंदे से लटका पाया। उसका दावा था कि डर के कारण उसने शव को नीचे उतारा और पुलिस से बचने के लिए उसे दफना दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार इसी कहानी को दोहराता रहा।

read also:PAK सीमा के पास हाईवे को बनाया रनवे, सेना ने उतारे अटैक हेलिकॉप्टर

भागने से पहले फैक्ट्री में मांगे 500 रुपए

शव मिलने के बाद पुलिस ने प्रवेश की तलाश शुरू की तो उसका मोबाइल बंद मिला। जांच में पता चला कि 27 सितंबर की सुबह जयपुर छोड़ने से पहले उसने फैक्ट्री में ठेकेदार से 500 रुपए उधार लिए थे। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी गतिविधियों का पीछा किया। मोबाइल दोबारा ऑन होने पर उसकी लोकेशन यूपी बॉर्डर के पास मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

मकान मालिक ने महिला को पत्नी बताया था

मकान मालिक कृष्ण कुमार मीणा की रिपोर्ट के अनुसार, करीब दो महीने पहले बाराबंकी निवासी मंगल कुमार के कहने पर उन्होंने मकान का एक हिस्सा उसके साले प्रवेश रावत को किराए पर दिया था। प्रवेश ने किरण को अपनी पत्नी बताया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

——————————-

#Jaipur Crime, #Jaipur Murder, #Bindayaka Police, #Live-in Relationship, #Pregnant Woman Murder, #Rajasthan Crime, #Kiran Murder Case, #Pravesh Rawat, जयपुर क्राइम, गर्भवती महिला हत्या, लिव-इन पार्टनर, बिंदायका थाना, किरण हत्याकांड, प्रवेश रावत, जयपुर हत्या मामला, महिला का शव दफनाया

CATEGORIES
TAGS
Share This