
सहकार से समृद्धि में एक और आयाम जुड़ा, मुख्यमंत्री भजनलाल ने किया भारत टैक्सी का शुभारंभ, 7लाख ग्राहक, 30हजार से अधिक सारथी…
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया भारत टैक्सी का शुभारंभ
100 से अधिक कैब, बाइक और ऑटो को दिखाई हरी झंडी
अब ‘सारथी’ ही बनेगा मालिक, मेहनत को मिलेगा पूरा सम्मान
सारथी अब सहकारी संस्था के सदस्य और सह-स्वामी बनेंगे, ₹5 लाख तक का दुर्घटना होगा बीमा
30 हजार से अधिक सारथी और 7 लाख ग्राहक पहले ही जुड़ चुके सारथी ऐप से
आरसीडीएफ, जयपुर मेट्रो, नगर निगम और RSRTC के साथ हुआ एमओयू
राजस्थान सहकारिता के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा
सोनिया,
जयपुर,dusrikhabar.com। राजस्थान में रोजगार, आत्मनिर्भरता और सहकारिता को नई दिशा देने वाली ‘भारत टैक्सी‘ सेवा का शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें टैक्सी चालक केवल ड्राइवर नहीं, बल्कि सहकारी संस्था का भागीदार और मालिक भी होगा। मुख्यमंत्री ने इसे ‘स्वामित्व, सम्मान और आत्मनिर्भर भारत‘ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए 100 से अधिक कैब, बाइक और ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सहकारिता के जरिए रोजगार और सम्मान का नया मॉडल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि लाखों युवाओं को रोजगार, सम्मान और स्वामित्व देने वाला सहकारिता आधारित मॉडल है।
उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को अपने काम का मालिक बनने का अवसर मिलता है, तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वह पूरी निष्ठा के साथ कार्य करता है। यही भावना छोटे उद्यमियों को आगे चलकर बड़े उद्योगपति बनने की प्रेरणा देती है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की ‘सहकार से समृद्धि‘ की सोच आज राजस्थान में धरातल पर उतर रही है।
अब सारथी सिर्फ चालक नहीं बल्कि सह-स्वामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत टैक्सी मॉडल में प्रत्येक चालक सहकारी संस्था का सदस्य और भागीदार होगा। इस मॉडल की प्रमुख विशेषताओं के अनुसार सारथी को किसी प्रकार का अतिरिक्त कमीशन नहीं देना होगा और कमाई का पूरा लाभ सीधे चालक को मिलेगा। संस्था के लाभांश में भी हिस्सेदारी साथ ही ₹5 लाख तक का दुर्घटना बीमा सरकार की तरफ से किया जाएगा। इसके अलावा हर टैक्सी चालक को सुरक्षित और सम्मानजनक रोजगार मिलेगा।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 26 जुलाई, रविवार, 2026
30 हजार से अधिक सारथी और 7 लाख ग्राहक जुड़े
मुख्यमंत्री ने बताया कि जयपुर में सॉफ्ट लॉन्च के बाद 30 हजार से अधिक सारथी जुड़ चुके हैं। करीब 7 लाख ग्राहक प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं और प्रतिदिन हजारों यात्राएं पूरी हो रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत टैक्सी दुनिया का सबसे बड़ा सहकारिता आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बनेगा।
पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पर्यटन की दृष्टि से दुनिया के प्रमुख राज्यों में शामिल है।
भारत टैक्सी से मिलने वाले लाभ
- पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा।
- ग्रामीण क्षेत्रों तक आसान कनेक्टिविटी।
- पर्यटन आधारित रोजगार में वृद्धि।
- स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती।
- जयपुर मेट्रो विस्तार का भी मिलेगा लाभ।
सहकारिता सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन का मजबूत आधार : मुरलीधर मोहोल
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि आज सहकारिता केवल ऋण समितियों तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि अब सहकारिता कृषि, डेयरी, मत्स्य पालन, बीमा, निर्यात और परिवहन जैसे क्षेत्रों में करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। उन्होंने बताया कि देशभर में करीब 8 लाख सारथी और 41 लाख ग्राहक भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं तथा प्रतिदिन लगभग 11 हजार यात्राएं संचालित हो रही हैं।
सहकारिता में राजस्थान बना देश का अग्रणी राज्य
मुरलीधर मोहोल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राजस्थान आज सहकारिता के क्षेत्र में देश के लिए मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा कि सहकारिता अब केवल ऋण और साख समितियों तक सीमित नहीं रही। सहकारिता आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बन चुकी है।
राजस्थान की प्रमुख उपलब्धियां
- अन्न भंडारण योजना में देश में प्रथम स्थान।
- 200 स्वीकृत गोदामों में 120 का निर्माण पूरा।
- 5600 से अधिक ई-पैक्स।
- 10 करोड़ से अधिक ऑनलाइन लेनदेन।
- 4900 पैक्स बहु-व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े।
- 6750 पैक्स भारतीय बीज सहकारी समिति के सदस्य।
भारत टैक्सी ने कई सरकारी संस्थाओं से किए समझौते
कार्यक्रम में सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव ने आरसीडीएफ, नगर निगम जयपुर, जयपुर मेट्रो और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर छह उत्कृष्ट सारथियों को शेयर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
मानवीय दृष्टिकोण: जब ड्राइवर बनेगा मालिक, तब बदलेगी उसकी जिंदगी
देश में लाखों टैक्सी चालक वर्षों से दूसरों के लिए वाहन चलाते रहे हैं, लेकिन इस मॉडल में पहली बार उन्हें स्वामित्व, लाभांश और सम्मान तीनों एक साथ मिल रहे हैं।
एक साधारण चालक के लिए यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर है। जब मेहनत का पूरा लाभ सीधे मेहनतकश के हाथों में पहुंचेगा, तब आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ सामाजिक सम्मान भी बढ़ेगा। यही इस योजना की सबसे बड़ी मानवीय ताकत है।
इनकी भी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, सचिव सहकारिता मंत्रालय डॉ. आशीष कुमार भूटानी, अध्यक्ष सहकार टैक्सी कॉ-ऑपरेटिव लि. जयेन मेहता, राजस्थान सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ समित शर्मा सहित सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में भारत टैक्सी के सारथी उपस्थित रहें।
———————————
#BharatTaxi, #BhajanLalSharma, #Jaipur, #Cooperative, #SahkarSeSamriddhi, #Rajasthan, #Employment, #TaxiDrivers, #Mobility, #MurliDharMohol, #CooperativeMovement, #IndiaNews, भारत टैक्सी, Bharat Taxi Jaipur, भजनलाल शर्मा, भारत टैक्सी लॉन्च, सहकारिता, सहकार से समृद्धि, टैक्सी सहकारी समिति, मुरलीधर मोहोल, राजस्थान सहकारिता, रोजगार योजना, Jaipur Taxi News, Cooperative Taxi India
