
राजस्थान पहली बार बनेगा वैश्विक संवाद का मंच: प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा, निवेश और पर्यटन पर 16 जुलाई को मंथन
16 जुलाई को RIC में होगी ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’
राजस्थान में पहली बार विदेश मंत्रालय का यह राष्ट्रीय कार्यक्रम
सुरक्षित एवं वैध प्रवासन, पासपोर्ट सेवाएं, निवेश और पर्यटन पर होगा मंथन
विदेश मंत्रालय की सचिव, मुख्य सचिव और डीजीपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
राजस्थान फाउंडेशन के 40 अंतरराष्ट्रीय चैप्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे
20 अधिकृत भर्ती एजेंट, 15 जिलों के अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि भी करेंगे सहभागिता
विजय श्रीवास्तव,
जयपुर,dusrikhabar.com। अपने घर-परिवार से हजारों किलोमीटर दूर रहकर भी राजस्थान से भावनात्मक रिश्ता बनाए रखने वाले प्रवासी भारतीयों के हितों, सुरक्षा और भविष्य को केंद्र में रखकर 16 जुलाई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), जयपुर में ‘विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह सम्मेलन सुरक्षित प्रवासन, प्रवासी भारतीयों के कल्याण, निवेश, पर्यटन और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्र और राज्य के बीच मजबूत समन्वय की नई शुरुआत करेगा।
Read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 15 जुलाई, बुधवार, 2026
प्रवासी राजस्थानियों को मिलेगा मजबूत मंच, पहली बार राजस्थान में होगा आयोजन
वर्ष 2017 में विदेश मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए ‘विदेश संपर्क’ कार्यक्रम का आयोजन पहली बार राजस्थान में किया जा रहा है। इससे पहले यह सम्मेलन तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, त्रिपुरा, बिहार, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश में आयोजित हो चुका है। राजस्थान में इस आयोजन की नोडल एजेंसियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) और राजस्थान फाउंडेशन हैं।
सुरक्षित और वैध प्रवासन पर होगा विशेष फोकस
कॉन्फ्रेंस का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित एवं वैध प्रवासन के प्रति जागरूक करना है। साथ ही फर्जी एजेंटों से बचाव की जानकारी देना, विदेश मंत्रालय की पासपोर्ट, वीजा और कांसुलर सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, विदेशों में कार्यरत भारतीयों और विद्यार्थियों के अधिकारों एवं सुरक्षा को मजबूत करना और प्रवासी भारतीयों के कल्याण और संरक्षण से जुड़े विषयों पर संवाद बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
दो विशेष सत्रों में होगा गहन मंथन
पहला विषयगत सत्र : प्रवासी भारतीयों का कल्याण और पासपोर्ट सेवाएं
इस सत्र में चर्चा के प्रमुख विषय होंगे : प्रवासी भारतीयों का संरक्षण, पासपोर्ट सेवाओं में सुधार, विदेशों में अध्ययनरत भारतीय विद्यार्थी और प्रवासी राजस्थानी समुदाय से जुड़ी चुनौतियां। इसमें विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, गृह विभाग, क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और राज्य सरकार के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
दूसरा विषयगत सत्र : सुरक्षित प्रवासन, निवेश और पर्यटन
दूसरे सत्र में इन विषयों पर चर्चा होगी—
- सुरक्षित एवं वैध माइग्रेशन
- कौशल विकास और विदेशी रोजगार
- श्रमिक कल्याण
- व्यापार और निवेश के अवसर
- प्रवासी राजस्थानियों की निवेश भागीदारी
- राजस्थान में पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा
इस सत्र में विदेश मंत्रालय, राजस्थान पुलिस, कौशल विकास विभाग, पर्यटन विभाग, उद्योग विभाग, डोरा और राजस्थान फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारी अपने विचार साझा करेंगे।
Read also:Rajasthan’s ‘Milk, Not Alcohol’ Campaign Wins Global Recognition at ESMC 2026 in France
देश-विदेश के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
सम्मेलन में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिनमें प्रमुख हैं—
- विदेश मंत्रालय की सचिव (CPV & OIA) श्रीमती श्रीप्रिया रंगनाथन
- राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास
- पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा
- डोरा के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल
- डॉ. मनीषा अरोड़ा
- रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला
- उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त नीलाभ सक्सेना
इसके अलावा विदेश मंत्रालय और राजस्थान सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
40 देशों से जुड़ेंगे राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर
सम्मेलन में राजस्थान फाउंडेशन के दुनियाभर में संचालित सभी 40 चैप्टरों के अध्यक्ष और प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। इसके अलावा राज्य के 20 अधिकृत भर्ती एजेंट, 15 जिलों के एडीएम, एनएसडीसी, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के स्टेकहोल्डर्स भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
Read also:
घर से दूर रहने वालों के लिए भरोसे का संदेश
विदेशों में रहने वाले लाखों भारतीय और विशेष रूप से प्रवासी राजस्थानी अपने परिवार, संस्कृति और मातृभूमि से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रखते हैं। कई बार उन्हें रोजगार, कानूनी प्रक्रियाओं, फर्जी एजेंटों, पासपोर्ट, वीजा और सुरक्षा जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में यह सम्मेलन केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन लाखों परिवारों के लिए भरोसे का मंच है, जिनके बेटे-बेटियां, रिश्तेदार या परिजन विदेशों में रहते हैं या भविष्य में विदेश जाना चाहते हैं। सुरक्षित प्रवासन, बेहतर सहायता और निवेश के अवसरों के माध्यम से यह आयोजन राजस्थान और दुनिया के बीच रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
——————————–
#Ministry of External Affairs, #Government of Rajasthan, #RIC Jaipur, #DORA, #Rajasthan Foundation, #Overseas Indians, #Non-Resident Rajasthanis, #Safe Migration, #Passport Services, #Tourism, #Investment, #Skill Development, #V. Srinivas, #Rajiv Sharma, #Shikhar Agrawal, विदेश संपर्क कॉन्फ्रेंस, State Outreach Conference Rajasthan, RIC Jaipur, प्रवासी भारतीय सम्मेलन, Rajasthan Foundation, DORA Rajasthan, विदेश मंत्रालय, सुरक्षित प्रवासन, Passport Services, प्रवासी राजस्थानी, Rajasthan Tourism, Investment Conference
