
जयपुर सरस डेयरी का बड़ा डिजिटल नवाचार: जल्द शुरू होंगे इंटरनेट रेडियो और यूट्यूब चैनल, दुग्ध किसानों को मिलेगी विशेषज्ञ सलाह
दुग्ध उत्पादक किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ेगी जयपुर सरस डेयरी
इंटरनेट रेडियो पर पशुपालन, चारा और बीमारियों पर रोज होगी चर्चा
यूट्यूब चैनल के जरिए डेयरी सेक्टर की नई तकनीकों की मिलेगी जानकारी
दूध की गुणवत्ता बढ़ाने और पशुओं की देखभाल पर विशेषज्ञ देंगे टिप्स
किसानों तक पहुंचे सीधी और विश्वसनीय जानकारी: मनीष फौजदार, MD, जयपुर डेयरी
विजय श्रीवास्तव,
जयपुर,dusrikhabar.com। राजस्थान में डेयरी और पशुपालन क्षेत्र को तकनीक से जोड़ने की दिशा में जयपुर सरस डेयरी एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। डेयरी प्रबंधन जल्द ही अपना इंटरनेट रेडियो और यूट्यूब चैनल शुरू करेगा, जिसके माध्यम से दुग्ध उत्पादक समितियों के सदस्य, पशुपालक और किसान प्रतिदिन विशेषज्ञों से जुड़ी उपयोगी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक पशुपालन, दूध उत्पादन, पशु स्वास्थ्य और डेयरी प्रबंधन से जुड़ी जानकारी आसान भाषा में उपलब्ध कराना है।
read also:अक्षय ऊर्जा में राजस्थान बना देश का मॉडल स्टेट, सोलर और ग्रीन हाइड्रोजन से बदलेगा राजस्थान का भविष्य
किसानों और दुग्ध समितियों को मिलेगा सीधा लाभ
जयपुर सरस डेयरी द्वारा शुरू किए जा रहे इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले दुग्ध उत्पादक किसानों को मिलेगा। इंटरनेट रेडियो और यूट्यूब चैनल के जरिए किसान घर बैठे विशेषज्ञों की सलाह सुन और देख सकेंगे।

कुछ ऐसा रहेगा इंटरनेट रेडियो के स्टूडियो का सैटअप
इस पहल से दुग्ध समितियों, पशुपालकों और डेयरी क्षेत्र से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी, जिससे दूध उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में सुधार आने की उम्मीद है।
रोजाना होंगी विशेष परिचर्चाएं
सरस डेयरी के प्रस्तावित इंटरनेट रेडियो और यूट्यूब चैनल पर प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर चर्चा आयोजित की जाएगी। इनमें पशुओं की देखभाल, चारे का सही उपयोग, मौसम के अनुसार पशुपालन, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के तरीके और डेयरी प्रबंधन से जुड़े विषय शामिल रहेंगे।

कुछ ऐसा रहेगा यू टूयूब स्टूडियो का सैटअप
विशेषज्ञ किसानों को बताएंगे कि बदलते मौसम में पशुओं को किन बीमारियों से बचाना चाहिए और किन सावधानियों का पालन जरूरी है। साथ ही दूध की क्वालिटी बढ़ाने और पशुओं की उत्पादकता सुधारने पर भी विशेष फोकस रहेगा।
read also:सरस बनेगा राष्ट्रीय ब्रांड, सरस के विस्तार के लिए केंद्र से ₹1500 करोड़ रुपए की सहमति…
मनीष फौजदार बोले- किसानों की समस्याओं का मिलेगा समाधान

मनीष फौजदार,जयपुर सरस डेयरी एमडीँ
जयपुर सरस डेयरी के प्रबंध संचालक मनीष फौजदार ने बताया कि डेयरी प्रबंधन जल्द ही अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल और इंटरनेट रेडियो सेवा शुरू करने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मंच पर किसानों की समस्याओं और उनके समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। पशुपालन और डेयरी से जुड़े विशेषज्ञ नियमित रूप से किसानों से संवाद करेंगे, ताकि उन्हें समय पर सही जानकारी और मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि यह प्लेटफॉर्म सरस डेयरी की प्रचार-प्रसार गतिविधियों को मजबूत करेगा और किसानों के साथ डेयरी का सीधा जुड़ाव बढ़ाएगा। मनीष फौजदार ने यह भी बताया कि सरस के इस रेडियो और चैनल पर राजनीति से परे किसानों से जुड़ी हर तरह की समस्याओं पर चर्चा और उनका समाधान देने का हमारा प्रयास रहेगा।
इस प्लेटफार्म पर राजनेता तो आएंगे लेकिन उनकी राजनीति यहां सिर्फ दुग्ध उत्पादक समितियों के सदस्यों और किसानों की मदद के लिए होगी
डेयरी सेक्टर को मिलेगा आधुनिक प्रचार मंच
यह डिजिटल पहल केवल किसानों के लिए जानकारी का माध्यम नहीं होगी, बल्कि जयपुर सरस डेयरी के लिए एक आधुनिक प्रचार प्लेटफॉर्म भी साबित होगी।
यूट्यूब चैनल और इंटरनेट रेडियो के जरिए डेयरी उत्पादों, सहकारी समितियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे सरस ब्रांड की पहुंच बढ़ेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता को भी मजबूती मिलेगी।
पशुओं की बीमारियों और देखभाल पर बनेगा विशेष कार्यक्रम
सरस डेयरी द्वारा शुरू किए जाने वाले कार्यक्रमों में पशुओं की बीमारियों और उनके उपचार पर विशेष श्रृंखला चलाई जा सकती है। संभावित विषय इस प्रकार हो सकते हैं:
- लंपी स्किन डिजीज (LSD) – बचाव और टीकाकरण
- खुरपका-मुंहपका रोग (FMD) – पहचान और रोकथाम
- गलघोटू रोग – गर्मी और बारिश में सावधानियां
- दूध बुखार (Milk Fever) – दुग्ध पशुओं की देखभाल
- मास्टाइटिस – दूध की गुणवत्ता पर प्रभाव और उपचार
- पशुओं के लिए संतुलित आहार – हरा चारा, मिनरल मिक्स और पोषण
- गर्मी में पशुओं की देखभाल – पानी, छाया और पोषण प्रबंधन
- दूध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक – वैज्ञानिक पशुपालन और स्वच्छता
इन कार्यक्रमों के जरिए किसानों को व्यवहारिक और उपयोगी जानकारी मिलेगी, जिससे पशुपालन व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।
——————-
#JaipurSarasDairy, #SarasDairy, #InternetRadio, #YouTubeChannel, #DairyFarmers,
#AnimalHusbandry, #MilkProduction, #RajasthanNews, #DairyInnovation, #ManishFaujdar,
जयपुर सरस डेयरी, इंटरनेट रेडियो, सरस यूट्यूब चैनल, डेयरी किसानों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म,
पशुपालन जानकारी, दूध उत्पादन, डेयरी प्रबंधन, मनीष फौजदार, राजस्थान डेयरी समाचार, पशु स्वास्थ्य
