Visitors: 6909749
उदयपुर में पैसिफिक यूनिवर्सिटी और डेंटल कॉलेज की मैस में खाद्य सुरक्षा का छापा

उदयपुर में पैसिफिक यूनिवर्सिटी और डेंटल कॉलेज की मैस में खाद्य सुरक्षा का छापा

पैसिफिक यूनिवर्सिटी और पैसिफिक डेंटल कॉलेज की मैस पर स्वास्थ्य विभाग का छापा

दोनों मैस से 6 खाद्य सैंपल लिए गए जिसमें दाल, सब्जी, छोले और चावल के नमूने शामिल

किचन, सफाई, पानी और खाद्य सामग्री के भंडारण की भी हुई जांच 

जयपुर स्थित सरकारी लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे सभी सैंपल

रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत होगी कार्रवाई

लाइसेंस निलंबन और न्यायालय में केस तक की कार्रवाई संभव

माही राठौड़

उदयपुर, dusrikhabar.com। उदयपुर में छात्रों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शैक्षणिक संस्थानों की मैस का औचक निरीक्षण किया। ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत टीम ने प्रताप नगर स्थित पैसिफिक यूनिवर्सिटी और देबारी स्थित पैसिफिक डेंटल कॉलेज की मैस में पहुंचकर किचन, खाद्य सामग्री के भंडारण, सफाई और खाना तैयार बनाने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दाल, सब्जी और चावल के कुल 6 सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जयपुर स्थित सरकारी लैब भेजा जाएगा।

read also:जयपुर में नकली घी के कारोबार का बड़ा खुलासा, बाजार में बिक रहा था सरस, महान, कृष्णा और लोटस का नकली घी, 3 गिरफ्तार

पैसिफिक यूनिवर्सिटी की मैस में भोजन के सैंपल लिए

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले प्रताप नगर स्थित पैसिफिक यूनिवर्सिटी परिसर की मैस पहुंची। उस समय दोपहर के खाने की तैयारी चल रही थी। अधिकारियों ने सीधे किचन का निरीक्षण करते हुए खाना बनाने की जगह, बर्तनों की सफाई और कच्ची खाद्य सामग्री के रख-रखाव का भी मौका मुआयना किया।

छात्रों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने मौके से छोले, हरी मिर्च-टमाटर की सब्जी और दाल के नमूने लिए। सभी सैंपल को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील किया गया।

डेंटल कॉलेज की मैस में भी हुई जांच

इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम देबारी स्थित पैसिफिक डेंटल कॉलेज पहुंची। यहां भी अधिकारियों ने मैस के किचन की साफ-सफाई, पानी की स्थिति और खाद्य सामग्री के भंडारण की जांच की।

टीम ने यहां भी खाने की गुणवत्ता परखने के लिए उबले चावल (बॉयल राइस), मूंग की सब्जी और उड़द दाल के सैंपल एकत्र किए। इसके साथ ही मैस के स्टॉक रूम में रखी खाद्य सामग्री की भी जांच की गई। अधिकारियों ने इस्तेमाल किए जा रहे तेल और मसालों की ब्रांडिंग भी देखी।

read also:हाईकोर्ट ने नाबालिग से जुड़े यौन-अपराध के आरोप किए रद्द: निचली अदालत का आदेश पलटा; धमकी का आधार नहीं मिला

जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, दोनों संस्थानों से लिए गए कुल 6 खाद्य नमूने जयपुर स्थित सरकारी लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि यदि जांच में खाने की गुणवत्ता में मिलावट, गंदगी या अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी खामी सामने आती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों के तहत धारा 32 के अंतर्गत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जा सकता है। सुधार नहीं होने की स्थिति में मैस का लाइसेंस निलंबित करने और न्यायालय में मामला दर्ज कराने जैसी कार्रवाई भी संभव है।

read also:‘भारतीय कैप्टन को सलाम’, 174 यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट के लिए बोले नेतन्याहू

इन अधिकारियों ने की कार्रवाई

यह औचक निरीक्षण और सैंपल संग्रहण खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष टीम ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह चौहान, मोनिका अहारी और पिंकी कुमारी शामिल रहीं।

—————————-

#Udaipur News, #Pacific University Udaipur, #Pacific Dental College, #Food Safety Department, #Food Sample, #Shuddh Aahar Milawat Par Waar, #Udaipur Food Safety, #Rajasthan News, उदयपुर खाद्य सुरक्षा विभाग, पैसिफिक यूनिवर्सिटी, पैसिफिक डेंटल कॉलेज, मैस जांच, खाद्य सैंपल, शुद्ध आहार मिलावट पर वार, खाद्य सुरक्षा जांच, उदयपुर न्यूज

CATEGORIES
TAGS
Share This