BREAKING

Visitors: 5843479
चुनाव परिणामों से पहले दिल्ली में बनी कांग्रेस की रणनीति

चुनाव परिणामों से पहले दिल्ली में बनी कांग्रेस की रणनीति

चुनाव परिणामों से पहले दिल्ली में बनी कांग्रेस की रणनीति

राजस्थान में कांग्रेस विधायक प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी संभव

मुख्यमंत्री गहलोत तूफानी दिल्ली दौरे पर मिले राहुल-प्रियंका से

केंद्र सरकार से की ops लागू करने की मांग

 

विजय श्रीवास्तव,

 

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दिल्ली दौरे पर रहे। सुबह करीब 10.30 बजे गहलोत 12तुगलक लेन रोड स्थित राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे राहुल गांधी के आवास पर चली बैठक में राहुल-प्रियंका सहित गहलोत, केसी वेणुगोपाल और भूपेश बघेल मौजूद रहे। बैठक में पंजाब, गोवा, यूपी, उत्तराखंड और मणिपुर के चुनाव परिणाम और उसके बाद की रणनीति को लेकर चर्चा हुई।

केंद्र सरकार को भी अपनानी चाहिए ओल्ड पेंशन योजना

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह करीब 11 बजे राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे। डेढ़ घंटे की बैठक के बाद जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बाहर निकले तो पत्रकारों से मुखातिब हुए। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए गहलोत ने कहा- पुरानी पेंशन योजना जो प्रदेश में लागू की गई उसके पीछे मानवीय हितों को ध्यान में रखते हुए सोच समझकर फैसला लिया गया है। आज प्रदेश के कर्मचारियों में खुशी की लहर है। केंद्र सरकार को भी कर्मचारियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस योजना को लागू करना चाहिए। चिरंजीवी योजना को लेकर सीएम ने मीडिया से कहा हमने चिरंजीवी योजना में बीमा राशि बढ़ाकर 5 से 10लाख कर दी है। साथ ही दुर्घटना बीमा भी इसी में शामिल करते हुए 5लाख तक का बीमा कवर किया है। हमारी सरकार ने आईपीडी और ओपीडी दोनों फ्री कर दिए हैं। बजट में हमारी सरकार ने बहुत अच्छे फैसले किए हैं जिससे पूरे देश में हमारा वेलकम हो रहा है।

संविधान और लोकतंत्र है खतरे में

गहलोत ने पत्रकारों को बताया कि बैठक में चुनाव परिणामों और उसके प्रभाव व परिणाम को लेकर पार्टी की तैयारियों को लेकर मंत्रणा हुई है। आने वाले वक्त के लिए हमें वर्तमान सरकार से चुनौती मिल गई है। सब फासीस्टी हैं, जिनका लोकतंत्र में यकीन नहीं है। देश के अंदर संविधान को खतरा है। लोकतंत्र को खतरा है, ऐसे माहौल में देश जी रहा है।

मीडिया पर कितना दबाव, कोई कल्पना भी नहीं कर सकता

मीडिया को लेकर गहलोत बोले साहित्यकार, पत्रकार, लेखक सभी दुखी हैं। मीडिया पर कितना दवाब है ये कोई कल्पना नहीं कर सकता है, पूरा मीडिया एक तरफा चल रहा है। आज देश में विपक्ष में एकमात्र कांग्रेस पार्टी है उसी से आम जनता, देशवासी उम्मीद कर रहे हैं कि आखिर में कांग्रेस को कैसे झंडा बुलंद करके मुकाबला करना है। हम सब जो पदों पर बैठे हुए हैं हम सब की ड्यूटी कि हम कांग्रेस के लिए क्या कॉन्ट्रीब्यूट कर सकते हैं।

राजस्थान में हो सकती विधायक प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी

राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक को लेकर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चुनावों के परिणामों के मद्देनजर बाड़ेबंदी को लेकर भी संभवत: बातचीत हुई। पंजाब, गोवा मणिपुर, यूपी और उत्तराखंड के कांग्रेस विधायक प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी राजस्थान में करने की तैयारी है। गहलोत को राजस्थान में बाड़ेबंदी की जिम्मेदारी दी गई है। 10मार्च को आने वाले चुनाव परिणामों से पहले कांग्रेस के सभी विधायक प्रत्याशियों को जयपुर राजस्थान में दिल्ली रोड स्थित होटल फेयरमाउंट में ठहराया जा सकता है।

जल्द मिल सकता पार्टी को स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष

बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया एक अप्रेल से शुरू करवानी चाहिए, वहीं ब्लॉक कमेटी लेवल के चुनाव मई में करवाए जाने की खबर है। सूत्रों के हवाले से ये भी खबर सामने आ रही है कि इसी साल सितम्बर तक कांग्रेस को स्थायी राष्ट्रीय अध्यक्ष भी मिलने की संभावना है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )