
जन्माष्टमी पर कृष्णमय राजस्थान: मंदिरों-घरों में गूंजे जयकारे, सांवलियाजी में 1100 ड्रोन ने रचा आस्था का आसमान
गोविंददेवजी में पंचामृत अभिषेक से लेकर सांवलियाजी के भव्य ड्रोन शो तक
आधी रात को कृष्ण जन्म के साथ उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
राजस्थानभर में आधी रात को कृष्ण जन्म के साथ मंदिर जयकारों से गूंजे
गोविंददेवजी मंदिर में 425 लीटर दूध और 365 किलो दही से अभिषेक
सांवलियाजी में 1100 ड्रोन से 15 मिनट का भव्य शो
ड्रोन से कृष्ण जन्म, गोवर्धन, राधा-कृष्ण और बाल कृष्ण की आकृतियां उभरीं
नाथद्वारा में 21 तोपों की सलामी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस्कॉन और श्री राधा सरल बिहारी मंदिर में की पूजा
डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने किए गोविंददेवजी में दर्शन
गोविंददेवजी मंदिर में शनिवार को होगा नंदोत्सव का आयोजन
-विजय श्रीवास्तव-
जयपुर, dusrikhabar.com। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार रात राजस्थान के मंदिरों से लेकर घरों तक भक्ति, उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैसे ही रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का क्षण आया, मंदिरों में घंटियां गूंज उठीं और श्रद्धालुओं के बीच ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की’ के जयकारे गूंजने लगे। घरों में बच्चों ने अपने माता पिता के साथ मिलकर दिनभर जहां कृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी की जिसमे फूलों से श्रृंगार, गुब्बारों से झांकी सजाई और पंजीरी-पंचामृत का भोग लगाया, वहीं रात बारह बजे ठाकुर जी के जन्मोत्सव को उत्साह के साथ मनाया।
जयपुर के गोविंददेवजी मंदिर में पंचामृत अभिषेक हुआ, नाथद्वारा के श्रीनाथजी मंदिर में 21 तोपों की सलामी दी गई, जबकि चित्तौड़गढ़ के सांवलियाजी में 1100 ड्रोन ने आसमान पर कृष्ण की लीलाएं उकेर दीं।


read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 5 सितम्बर, शनिवार, 2026
गोविंददेवजी में 425 लीटर दूध से हुआ अभिषेक
जयपुर के प्रसिद्ध गोविंददेवजी मंदिर में जन्माष्टमी पर सुबह 4 बजे मंगला आरती के साथ दर्शन शुरू हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। रात 12 बजे कृष्ण जन्म के बाद ठाकुरजी का विशेष पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके लिए 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद का उपयोग किया गया। अभिषेक के बाद पंजीरी, लड्डू, खिरसा और रबड़ी कुल्हड़ का भोग लगाया गया।
read also:JSA सिल्वर शो में 22-24 नवम्बर को दिखेगी जयपुर की चांदी की चमक, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को न्योता
सांवलियाजी में आसमान बना कृष्ण की लीलाओं का मंच
चित्तौड़गढ़ के सांवलियाजी मंदिर में तीन साल बाद फिर ड्रोन शो हुआ। रात 8 बजे एक साथ 1100 ड्रोन आसमान में उठे और करीब 15 मिनट तक श्रद्धालुओं को कृष्ण की लीलाओं की झलक दिखाते रहे। ड्रोन की रोशनी से श्रीकृष्ण जन्म, शेषनाग की छत्रछाया, गोवर्धन पर्वत, बाल कृष्ण, बांसुरी बजाते कान्हा, कालिया नाग पर नृत्य, माखन खाते बाल गोपाल, राधा-कृष्ण और महाभारत में अर्जुन के सारथी बने श्रीकृष्ण जैसी आकृतियां बनाई गईं। मंदिर की आकृति और सांवरा सेठ की झलक ने श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ा दिया।
तीन साल बाद लौटे इस आयोजन को देखने के लिए मंदिर परिसर, डोम पार्किंग और यशोदा विहार चौक तक बड़ी संख्या में लोग जुटे। परंपरा और आधुनिक तकनीक के इस मेल ने जन्माष्टमी की रात को यादगार बना दिया।
नाथद्वारा में 21 तोपों की सलामी, देशभर से पहुंचे भक्त
राजसमंद के नाथद्वारा श्रीनाथजी मंदिर में भी जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन हुए। भगवान के जन्म के अवसर पर 21 तोपों की सलामी दी गई। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रीनाथजी के दर्शन किए और जन्मोत्सव में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने मंदिरों में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सपत्नीक श्री राधा सरल बिहारी मंदिर और इस्कॉन मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में कीर्तन में भाग लिया और श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया।
read also: प्रकट भए नंदलाल… देशभर में जन्माष्टमी की धूम, मंदिरों में उमड़ा भक्तों का सैलाब
जन्म के बाद भी जारी रहेगा उत्सव, आज नंदोत्सव
गोविंददेवजी मंदिर में आधी रात को भगवान के जन्म के बाद पट खोले गए और अभिषेक के साथ आतिशबाजी हुई। डिप्टी सीएम दिया कुमारी भी भगवान के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचीं।
अब शनिवार को गोविंददेवजी मंदिर में नंदोत्सव मनाया जाएगा। यानी जन्माष्टमी की रात खत्म होने के साथ ही कृष्ण जन्म की खुशी का उत्सव अगले दिन भी जारी रहेगा।
——————————
#Janmashtami 2026, #Krishna Janmashtami, #Rajasthan Janmashtami, #Govind Dev Ji Temple, #Sanwaliya Seth, #Sanwaliyaji Temple, #Nathdwara, #Shrinathji Temple, #Jaipur News, #Chittorgarh News, #Krishna Janmotsav, #Drone Show, #1100 Drones, #Bhajanlal Sharma, #Nandotsav, जन्माष्टमी 2026, कृष्ण जन्माष्टमी, राजस्थान जन्माष्टमी, गोविंददेवजी मंदिर, सांवलियाजी मंदिर, 1100 ड्रोन शो, नाथद्वारा श्रीनाथजी, कृष्ण जन्मोत्सव, जयपुर जन्माष्टमी, सांवलिया सेठ, भजनलाल शर्मा, नंदोत्सव, कृष्ण की लीलाएं
