उदयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: गिरदावर 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
उदयपुर में गिरदावर 15 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
ACB की बड़ी कार्रवाई,तहसीलदार भी जांच के घेरे में
किसान से जमीन रिकॉर्ड सुधारने के बदले मांगी गई थी घूस
ACB टीम ने वल्लभनगर तहसील में ट्रैप कर आरोपी को पकड़ा
तहसीलदार का नाम लेकर करता था डिमांड, अब भूमिका संदिग्ध
उदयपुर,dusrikhabar.com राजस्थान के उदयपुर में ACB कार्रवाई (ACB Raid Udaipur) के तहत बड़ी सफलता मिली है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक गिरदावर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तहसीलदार की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
उदयपुर की ACB स्पेशल यूनिट ने वल्लभनगर तहसील में कार्यरत भू-अभिलेख निरीक्षक (गिरदावर) देवेंद्र सिंह राणावत को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी ने एक किसान से उसकी जमीन के रिकॉर्ड में सुधार करने के बदले 15 हजार रुपए की घूस (Bribe Case Rajasthan) मांगी थी।
मामला वल्लभनगर तहसील के राणाकुई गांव का है, जहां एक किसान अपनी करीब 5 बीघा कृषि भूमि के रिकॉर्ड में हुई गलती को ठीक कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहा था। कागजों में उसकी जमीन को ‘बारानी तृतीय’ के बजाय ‘भवन’ दर्ज कर दिया गया था।
रिकॉर्ड सुधारने के नाम पर मांगी रिश्वत
आरोपी गिरदावर ने किसान को भरोसा दिलाया कि वह अपनी सरकारी आईडी से ऑनलाइन रिकॉर्ड सुधारकर जमीन की श्रेणी बदल देगा और तहसीलदार से आदेश भी करवा देगा। इसके बदले उसने 15 हजार रुपए की मांग रख दी।
परेशान किसान ने इसकी शिकायत ACB से की, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया और ट्रैप प्लान तैयार किया।
ACB ने ऐसे पकड़ा आरोपी
डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में ACB टीम ने कार्रवाई करते हुए जैसे ही किसान ने आरोपी को पैसे दिए, तुरंत मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
तहसीलदार पर भी संदेह, जांच जारी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरदावर बार-बार तहसीलदार सुरेंद्र छीपा का नाम लेकर पैसे मांग रहा था। इसी आधार पर अब ACB टीम तहसीलदार की भूमिका की भी जांच कर रही है।ACB अधिकारियों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस रिश्वतखोरी में अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। आरोपी के ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) का पता लगाया जा सके।
——————
