
उदयपुर में तेज आंधी-बारिश से गिरे पेड़ और बिजली के पोल, कई वाहन क्षतिग्रस्त; मौसम विभाग का 3 जुलाई तक यलो अलर्ट
उदयपुर में रविवार दोपहर तेज आंधी और बारिश से मौसम में आज ठंडक
तेज आंधी से कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिरने से यातायात प्रभावित
रूप सागर रोड पर पेड़ गिरने से कार और बाइक क्षतिग्रस्त
बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से मिली राहत
फतहसागर और पिछोला झील पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की उमड़ी भीड़
मौसम विभाग ने 3 जुलाई तक जारी किया आंधी और बारिश का यलो अलर्ट
माही राठौड़
उदयपुर,dusrikhabar.com। उदयपुर में रविवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से नुकसान भी हुआ। कुछ वाहनों को क्षति पहुंची और यातायात प्रभावित रहा।
आज उदयपुर में अच्छे मौसम से पर्यटकों की आवक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इधर मौसम विभाग ने 3 जुलाई तक उदयपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 29 जून, सोमवार, 2026
तेज आंधी से गिरे पेड़ और बिजली के पोल, यातायात हुआ प्रभावित
रविवार दोपहर करीब 2 बजे उदयपुर में अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि शहर के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल धराशायी हो गए।
बड़ी गांव मुख्य मार्ग पर एक विशाल पेड़ बिजली के पोल पर गिर गया, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। वहीं रूप सागर रोड पर खड़ी कार और बाइक पर पेड़ गिरने से दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बनी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
read also:गढ़ गणेश रोप-वे परियोजना ने फिर पकड़ी रफ्तार: हाईकोर्ट से 7 साल बाद राहत, तेज हुआ निर्माण…
बारिश से मिली गर्मी से राहत, फतहसागर और पिछोला पर उमड़े लोग
रविवार सुबह से तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान थे, लेकिन दोपहर बाद हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।
रविवार होने के कारण फतहसागर और पिछोला झील सहित शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने ठंडी हवाओं और बारिश के बीच मौसम का आनंद उठाया।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट महसूस की गई।
3 जुलाई तक यलो अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 3 जुलाई तक उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पेड़ों व बिजली के खंभों के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े नहीं होने की सलाह दी है।
read also: WhatsApp का नया चैट फीचर, प्राइवेसी की पूरी गारंटी, ऐसे होगा फायदा
—————————-
#Udaipur, #UdaipurRain, #UdaipurWeather, #RajasthanWeather, #Storm, Yellow Alert, #FatehSagar, Pichola Lake, #MeteorologicalDepartment, #RajasthanNews, उदयपुर मौसम, उदयपुर बारिश, उदयपुर आंधी, उदयपुर यलो अलर्ट, राजस्थान मौसम, फतहसागर, पिछोला झील, उदयपुर न्यूज, मौसम विभाग
