Visitors: 6301503
अब नहीं जाएगी किसी की सड़क पर जान!

अब नहीं जाएगी किसी की सड़क पर जान!

पुण्य के साथ अब पैसा भी

गहलोत सरकार की शानदार पहल

गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर मिलेंगे 5000 रुपए नकद

विजय श्रीवास्तव

जयपुर : प्रदेश में आए दिन होती सड़क दुर्घटनाओं में लोगो के घायल होने के बाद इन घायलों की मदद के लिए लोग आगे आने से कतराते है। इस कारण घायलों को समय पर इलाज नहीं मिलने से जान भी चली जाती है। ऐसी स्थिति देखते हुए राजस्थान सरकार ने नई योजना शुरू की है। इस योजना के तहत घायलों को जल्द से जल्द अपने संसाधन से हॉस्पिटल पहुंचाने वाले व्यक्तियों काे सरकार 5 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेगी।

सीएम अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी जीवन रक्षा योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति से किसी तरह की कोई पूछताछ पुलिस नहीं कर सकेगी। साथ ही मदद करने वाले व्यक्ति से हॉस्पिटल में घायल व्यक्ति के इलाज के लिए किसी तरह का कोई पैसा भी नहीं लिया जाएगा।

गंभीर स्थिति में लाने वाले व्यक्ति के लिए मिलेगी इनाम राशि
इस योजना के तहत इनाम की राशि उसी स्थिति में मिलेगी जब दुर्घटना में घायल व्यक्ति की स्थिति गंभीर हो। सामान्य घायल होने वाले व्यक्ति की मदद करने वाले को केवल प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सरकारी एम्बुलेंस, निजी एम्बुलेंस के कर्मचारी, PCR वैन और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों और घायल व्यक्ति के सगे-संबंधियों को इस योजना के तहत इनाम राशि नहीं दी जाएगी।

CATEGORIES
Share This