
भारत व्यापार महोत्सव 2026: ‘लोकल से ग्लोबल’ की उड़ान, करोड़ों का खर्च, 4 दिन में सिमटेगा आयोजन…
CAIT का मेगा इवेंट 1 से 4 मई तक भारत मंडपम में
करोड़ों रुपए खर्च होगा चार दिन के इवेंट में, नतीजा अभी से स्पष्ट
केवल 4 दिनों में सिमटेगा आयोजन, कहीं ठगा सा महसूस न करें व्यापारी
इवेंट में 30% से अधिक महिला एंटरप्रेन्योर लगाएंगी अपनी स्टॉल्स
विजय श्रीवास्तव,
जयपुर,dusrikhabar.com। लोकल से ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा भारत व्यापार महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य महोत्सव 1 से 4 मई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा। इसे लेकर राजस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में महोत्सव के उद्देश्य, स्वरूप और व्यापक प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी गई।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 10 फरवरी,मंगलवार, 2026
CAIT द्वारा आयोजित भारत व्यापार महोत्सव 2026 को लेकर राजस्थान में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए CAIT के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रांत अब्रोल ने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “लोकल से ग्लोबल” और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक दूरदर्शी और निर्णायक पहल है।

इवेंट के लिए 1 महीने से कम का समय व्यापारियों के साथ जस्टिस नहीं
पत्रकारों के सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रांत अब्रोल। पत्रकारों के सवाल कि जापान और चीन में इस तरह के आयोजन से व्यापारियों को फायदा देने के लिए उन्हें पूरा समय दिया जाता है समय और दिन के अनुसार व्यापारियों की B2B मीटिंग्स आयोजित होती हैं जिसमें उन्हें पूरा समय मिलता है और ऐसे इवेंट वहां कम से कम एक महीने में पूरा हो पाता है।
read also:राज्यपाल की मौजूदगी में इंडिया स्टोन मार्ट 2026 संपन्न, 36 श्रेष्ठ स्टॉल सम्मानित
ऐसे में आपके चार दिन के इवेंट से क्या आप जो खर्च कर रहे हैं वो वर्थफुल होगा। कहीं ऐसा ना हो व्यापारी इसके बाद खुद को ठगा सा महसूस करें। इस पर विक्रांत अब्रोल ने कहा हमारा प्रयास है अच्छा करने का, यह पहली बार है अगली बार इसकी समय सीमा को बढ़ाने के बारे में विचार करेंगे। पत्रकारों के कई सारे सवालों को टाल गए कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रांत अब्रोल।

इंडिया स्टोन मार्ट 2026 का उद्घाटन सत्र में मौजूद कारोबारी
इंडिया स्टोन मार्ट से भी व्यापारी कर रहे रहे ठगा सा महसूस
आपको बता दें कि हाल ही में जयपुर में इंडिया स्टोन मार्ट 2026 का आयोजन किया गया जिसमें व्यापारियों ने कम समय मिलने की बात करते हुए कहा कि पहला दिन उद्घाटन में और लास्ट का दिन वाइंडअप करने में निकल गया, लाखों रुपए खर्च करके भी इवेंट से जिस लाभ की उम्मीद थी उसके आसपास तक भी नहीं पहुंच पाए व्यापारी।
ऐसे में व्यापारियों की शिकायत पर अगली बार 2028 में आयोजित होने वाले इंडिया स्टोन मार्ट की समय सीमा बढ़ाकर 10 दिन करने की घोषणा की गई। उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों की मानें तो इस इवेंट में भी कुछ ऐसा ही होना वाला है। हालांकि इवेंट में बीटूबी मीटिंग्स तो होंगी ही बल्कि बीटूसी के लिए भी इवेंट को ओपन रखा गया है।
प्रेसवार्ता में विक्रांत अब्रोल ने बताया कि CAIT निरंतर भारतीय व्यापार, उद्योग और विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को वैश्विक मंच पर स्थापित करने के लिए कार्य कर रहा है और भारत व्यापार महोत्सव 2026 इसी प्रयास का सबसे सशक्त उदाहरण है।

2000+ प्रदर्शक, 10 लाख से अधिक आगंतुकों की भागीदारी
अब्रोल ने बताया कि भारत व्यापार महोत्सव 2026 में देशभर से 2000 से अधिक प्रदर्शक, 5000 से अधिक व्यापारिक संगठन, 2 लाख से अधिक व्यापार प्रतिनिधि और देश-विदेश से करीब 10 लाख बी2बी और बी2सी आगंतुक शामिल होंगे। इसके साथ ही 20 से अधिक केंद्रीय मंत्रालय, 20 से अधिक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश, 5000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधि, एनआरआई/ओसीआई प्रतिनिधि तथा 200 से अधिक मीडिया संस्थान इस मेगा इवेंट का हिस्सा बनेंगे।
भारत व्यापार महोत्सव 2026 का प्रमुख उद्देश्य ‘द ग्रेट इंडियन कॉमन मार्केट’ की अवधारणा को सुदृढ़ करना है। इसके तहत देश के उत्पादों, सेवाओं और उद्यमों को एक साझा मंच प्रदान कर नए व्यापारिक अवसरों का सृजन किया जाएगा।
यह आयोजन भारतीय व्यापार को एक निष्पक्ष, पारदर्शी और सुलभ बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

विविध सेक्टर और विशेष प्रदर्शनी ज़ोन होंगे आकर्षण
महोत्सव में ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन, इंजीनियरिंग, कृषि एवं जैविक उत्पाद, हरित एवं नवीकरणीय ऊर्जा, खुदरा व्यापार एवं FMCG, हस्तशिल्प, आभूषण, स्वास्थ्य, योग एवं आयुर्वेद, आईटी एवं उभरती तकनीकें, लॉजिस्टिक्स, फार्मा एवं चिकित्सा उपकरण, रियल एस्टेट, अवसंरचना, पर्यटन एवं संस्कृति जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए विशेष प्रदर्शनी ज़ोन बनाए जाएंगे।
इसके साथ ही महिला एवं युवा उद्यमिता, निवेश एवं वित्त, सेमिनार, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण और “भारत के स्वाद” जैसे विशेष आकर्षण भी महोत्सव का हिस्सा होंगे।
राजस्थान से 200 कंपनियों की दमदार मौजूदगी
प्रेस वार्ता में बताया गया कि राजस्थान से लगभग 200 कंपनियां इस महोत्सव में भाग लेंगी। इनमें हस्तशिल्प, आभूषण, पत्थर उद्योग और सौर ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख इकाइयां शामिल होंगी। यह आयोजन राजस्थान के कारीगरों, उद्यमियों और MSME सेक्टर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर CAT राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष राजू मंगोडीवाला, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज गोयल और प्रदेश महामंत्री हेमंत प्रभाकर ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव 2026 स्वदेशी आंदोलन को मजबूती देगा, निर्यात को प्रोत्साहन देगा और निवेश तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा साथ ही विकसित भारत के लक्ष्य को नई गति प्रदान करेगा।
अंत में CAIT के पदाधिकारियों ने देशभर के व्यापारियों, उद्योगपतियों, MSME इकाइयों, स्टार्टअप्स और उद्यमियों से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में सक्रिय भागीदारी कर भारत को एक वैश्विक व्यापार शक्ति बनाने में योगदान दें। प्रेस वार्ता में विनोद गुप्ता, कमल कंदोई, पवन लश्करी, ऋचा चंद्रा, चारु अग्रवाल, रुचि प्रभाकर, नितिन अग्रवाल, जितेंद्र गोयल सहित राजस्थान के कई प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।
——————–
#BharatVyaparMahotsav2026, #CATIndia, #LocalToGlobal, #AtmanirbharBharat, #IndianTrade,#MSMEIndia, #GlobalBusiness, #MakeInIndia, भारत व्यापार महोत्सव 2026, CAT, लोकल से ग्लोबल, आत्मनिर्भर भारत, भारत मंडपम नई दिल्ली, MSME, ग्रेट इंडियन कॉमन मार्केट
