Visitors: 6534547
राजस्थान की खूबसूरत लोकेशन्स देखकर फिल्म बनाने का मन करता है : अनिल शर्मा

राजस्थान की खूबसूरत लोकेशन्स देखकर फिल्म बनाने का मन करता है : अनिल शर्मा

अर्जुन नागा’ की राजस्थान में करीब 40 दिन होगी शूटिंग 

जयपुर और जैसलमेर फिल्म की प्रमुख शूटिंग लोकेशन

फिल्म में उत्कर्ष शर्मा, गुलशन ग्रोवर, अर्जुन रामपाल और निधि अग्रवाल प्रमुख भूमिकाओं में

निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा ने राजस्थान की लोकेशन्स को को बताया बेहद अनुकूल 

राजस्थान सरकार ने हाल ही में फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 की थी लागू 

शूटिंग अनुमतियों को आसान बनाने के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था है उपलब्ध

फिल्मों के जरिए राजस्थान की पर्यटन ब्रांडिंग देश-दुनिया तक पहुंचाने का लक्ष्य

-माही राठौड़-

जयपुर,dusrikhabar.com। राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, शाही महलों, किलों, रेगिस्तान और रंग-बिरंगी संस्कृति का आकर्षण अब केवल पर्यटकों तक सीमित नहीं है। बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के लिए भी राजस्थान लगातार पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बनता जा रहा है। इसी कड़ी में निर्माता-निर्देशक अनिल शर्मा की आगामी फिल्म ‘अर्जुन नागा’ की करीब 40 दिनों तक राजस्थान में शूटिंग होगी। फिल्म के लिए जयपुर और जैसलमेर को प्रमुख शूटिंग लोकेशन के रूप में चुना गया है।

राजस्थान पर्यटन विभाग का मानना है कि किसी फिल्म की शूटिंग प्रदेश में होना केवल मनोरंजन उद्योग से जुड़ी गतिविधि नहीं, बल्कि राजस्थान की कला, संस्कृति, विरासत और पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 9 सितम्बर, बुधवार, 2026

‘राजस्थान की लोकेशन्स देखकर फिल्म बनाने का मन करता है’

राजस्थान पर्यटन भवन में हुई विशेष बातचीत में फिल्म निर्देशक-निर्माता अनिल शर्मा ने राजस्थान से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए यहां की लोकेशन्स की जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा, “मुझे राजस्थान से लगाव है। राजस्थान रहने और बसने के लिहाज से अच्छा है ही, फिल्मों के लिए भी बेहद अनुकूल है। यहां की लोकेशन्स ऐसी हैं कि उन्हें देखकर फिल्म के पर्दे पर उतारने का मन करता है।”

अनिल शर्मा की फिल्म ‘अर्जुन नागा’ में उत्कर्ष शर्मा, गुलशन ग्रोवर, अर्जुन रामपाल और निधि अग्रवाल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

राजस्थान और अनिल शर्मा का पुराना फिल्मी रिश्ता

राजस्थान अनिल शर्मा के लिए कोई नया शूटिंग डेस्टिनेशन नहीं है। उनकी कई चर्चित फिल्मों का प्रदेश से पुराना रिश्ता रहा है। ‘गदर : एक प्रेम कथा’, ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो’, ‘वीर’ और ‘ऐलान-ए-जंग’ जैसी फिल्मों की शूटिंग राजस्थान की अलग-अलग लोकेशन्स पर हुई है।

‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो’ में जैसलमेर, जबकि ‘वीर’ में जयपुर के आमेर की ऐतिहासिक लोकेशन्स पर्दे पर दिखाई दी थीं। ऐसे में ‘अर्जुन नागा’ के लिए राजस्थान का चयन अनिल शर्मा और प्रदेश के बीच इस पुराने सिनेमाई रिश्ते को आगे बढ़ाता है।

read also:दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता की मौत: नोएडा के फ्लैट में मिले मृत, सुसाइड नोट में मानसिक…

फिल्म शूटिंग के लिए सिर्फ लोकेशन नहीं, बेहतर सहयोग भी जरूरी

अनिल शर्मा ने कहा कि किसी राज्य में फिल्म शूट करने के लिए केवल खूबसूरत लोकेशन होना पर्याप्त नहीं है। स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग का सहयोग भी फिल्म निर्माताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से लगातार मिल रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान मिलने वाली सुविधाएं और प्रशासनिक सहयोग फिल्म निर्माण को आसान बनाते हैं।

राजस्थान की सबसे बड़ी खूबी इसकी लोकेशन्स की विविधता है। एक ही प्रदेश में फिल्मकारों को अलग-अलग तरह की कहानियों के लिए बिल्कुल अलग दृश्य और माहौल मिल जाता है।

जयपुर की राजसी इमारतें और स्थापत्य, जैसलमेर का स्वर्णिम दुर्ग और थार के धोर, जोधपुर के किले, उदयपुर की झीलें और महल, पुष्कर का धार्मिक-सांस्कृतिक परिवेश और शेखावाटी की हवेलियां फिल्मकारों के लिए अलग-अलग सिनेमाई संसार तैयार करती हैं।

इसी विविधता के कारण राजस्थान ऐतिहासिक फिल्मों से लेकर रोमांस, एक्शन, सामाजिक विषयों और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों तक के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

read alsoएआर रहमान ने आशा भोसले को दिया ट्रिब्यूट, AI से बना गाना रिलीज

फिल्म पर्यटन नीति से राजस्थान को ग्लोबल स्क्रीन पर पहुंचाने की तैयारी

आरटीडीसी एमडी रुक्मणि रियाड़

पर्यटन आयुक्त, रुक्मणि रियाड़

राजस्थान पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ के अनुसार राज्य सरकार ने फिल्म निर्माण की संभावनाओं को पर्यटन से जोड़ने के लिए फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति-2025 लागू की है। इस नीति का उद्देश्य राजस्थान को फिल्म निर्माताओं के लिए अनुकूल और सुविधाजनक शूटिंग डेस्टिनेशन बनाना है। साथ ही फिल्मों के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

शूटिंग से जुड़ी विभिन्न अनुमतियों को आसान बनाने के लिए सिंगल-विंडो व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इससे फिल्म निर्माताओं को अलग-अलग विभागों से अनुमति लेने में होने वाली दिक्कतों को कम करने और शूटिंग प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने की कोशिश की गई है।

read also:शेखावाटी की हवेलियां UNESCO की Tentative List में शामिल, बढ़ेगा राजस्थान का गौरव…!

फिल्म खत्म होने के बाद भी जारी रहेगा राजस्थान का प्रचार

पर्यटन विभाग की रणनीति अब केवल प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग करवाने तक सीमित नहीं है। कोशिश यह है कि फिल्मों में राजस्थान की विरासत, संस्कृति और पर्यटन स्थलों को कहानी का हिस्सा बनाया जाए।

जब फिल्म बड़े पर्दे या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी, तो उसके जरिए राजस्थान के ये दृश्य करोड़ों दर्शकों तक पहुंचेंगे। पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि पर्दे पर नजर आने वाले किले, महल, रेगिस्तान और सांस्कृतिक रंग दर्शकों को राजस्थान की यात्रा के लिए प्रेरित करेंगे।

आयुक्त रियाड़ के अनुसार, राज्य का लक्ष्य फिल्म निर्माण और पर्यटन को एक-दूसरे की ताकत बनाना है। यानी राजस्थान फिल्मकारों को लोकेशन और सुविधाएं दे, जबकि फिल्में राजस्थान को देश-दुनिया के दर्शकों के सामने एक पर्यटन ब्रांड के रूप में प्रस्तुत करें।

राजस्थान पहले भी बना सिनेमा की पसंद

राजस्थान की लोकेशन्स पर कई लोकप्रिय फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इनमें ‘जोधा अकबर’, ‘उमराव जान’, ‘दिल्ली-6’, ‘बजरंगी भाईजान’, ‘ये जवानी है दीवानी’, ‘रंग दे बसंती’, ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘वीर’, ‘गुलाल’ और ‘नन्हे जैसलमेर’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

इन फिल्मों ने राजस्थान के किलों, महलों, ऐतिहासिक शहरों और ग्रामीण परिवेश को बड़े पर्दे पर दिखाया। कई स्थानों को फिल्मों के जरिए देशभर में नई पहचान मिली और वे पर्यटन आकर्षण के रूप में भी उभरे।

read also:दुबई से जयपुर आ रही फ्लाइट में पैसेंजर का हंगामा: इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने की कोशिश, क्रू मेंबर ने रोका; सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा

हॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में भी राजस्थान की झलक

राजस्थान का आकर्षण भारतीय फिल्म उद्योग तक सीमित नहीं रहा है। अंतरराष्ट्रीय फिल्मकार भी प्रदेश की लोकेशन्स का इस्तेमाल कर चुके हैं।

‘ऑक्टोपसी’, ‘द बेस्ट एग्जॉटिक मैरिगोल्ड होटल’, ‘द सेकंड बेस्ट एग्जॉटिक मैरिगोल्ड होटल’, ‘द दार्जिलिंग लिमिटेड’, ‘द फॉल’, ‘होली स्मोक!’, ‘द डार्क नाइट राइजेज’, ‘वायसरॉयज हाउस’, ‘मैरिगोल्ड’ और ‘वन नाइट विद द किंग’ जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियों में राजस्थान की खूबसूरती दिखाई दी है।

जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और जैसलमेर के जरिए राजस्थान की दृश्यात्मक पहचान अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंची है। अब ‘अर्जुन नागा’ जैसे नए प्रोजेक्ट के जरिए प्रदेश इस सिनेमाई पहचान को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

—————————-

#Rajasthan,#AnilSharma, #ArjunNaga, #Jaipur, #Jaisalmer, #RajasthanTourism, #FilmTourism, #FilmShooting, #Bollywood, #FilmTourismPolicy2025, राजस्थान फिल्म शूटिंग, अनिल शर्मा, अर्जुन नागा फिल्म, अर्जुन नागा शूटिंग, जयपुर फिल्म शूटिंग, जैसलमेर फिल्म शूटिंग, राजस्थान पर्यटन, फिल्म पर्यटन नीति 2025, राजस्थान फिल्म पर्यटन

CATEGORIES
TAGS
Share This