
‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026’ की पहली स्पेशल ट्रेन जयपुर से रवाना, 970 यात्री रवाना..
‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना में 970 श्रद्धालु रामेश्वरम-मदुरई दर्शन पर निकले
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने दिखाई हरी झंडी
20 जुलाई से नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के लिए हवाई यात्रा होगी शुरु
राजस्थान के चार जिलों के श्रद्धालु पहली यात्रा में शामिल
माही राठौड़,
जयपुर,dusrikhabar.com। जीवन भर परिवार और समाज के लिए जिम्मेदारियां निभाने वाले बुजुर्गों के लिए वह पल आखिर आ ही गया, जिसका वे वर्षों से इंतजार कर रहे थे। राजस्थान सरकार की ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026’ के तहत सोमवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से पहली विशेष ट्रेन रामेश्वरम और मदुरई के लिए रवाना हुई। स्टेशन पर भजनों, जयकारों और भावुक विदाई के बीच कई बुजुर्गों की आंखें नम थीं तो चेहरों पर भगवान के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी।
read also:दिव्यांग क्रिकेट को मिलेगी नई उड़ान: लंदन में भारत-ब्रिटेन के बीच सहयोग पर बनी सहमति
जीवनभर की आस्था अब बनी हकीकत, भावुक माहौल में रवाना हुई पहली तीर्थ यात्रा
जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक अलग ही नजारा देखने को मिला। 970 वरिष्ठ नागरिक अपने जीवन के सबसे यादगार सफर पर निकल पड़े। किसी के हाथ में माला थी तो कोई भगवान की तस्वीर सीने से लगाए बैठा था। परिवार के सदस्य अपने माता-पिता और दादा-दादी को विदा करते समय भावुक नजर आए।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर और रिबन काटकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान पूरा स्टेशन “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।
यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान श्री रामनाथ स्वामी के दर्शन करेंगे। इसके बाद सभी यात्री मदुरई पहुंचकर प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के दर्शन करेंगे। यह विशेष ट्रेन 20 जुलाई को वापस जयपुर पहुंचेगी।
read also: कुछ बड़ा होने वाला है? अचानक $84 के पार कच्चा तेल, होर्मुज में घमासान
“आप सौभाग्यशाली हैं”— मंत्री ने बुजुर्गों से कहा, पूरे राजस्थान के लिए करें प्रार्थना
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि ईश्वर की विशेष कृपा और वर्षों की आस्था का प्रतिफल है।
उन्होंने कहा कि “आप लोग बहुत सौभाग्यशाली हैं। भगवान श्री रामनाथ स्वामी ने आपको अपने दर्शन के लिए बुलाया है। वहां जाकर केवल अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान की खुशहाली, किसानों की समृद्धि, गौमाता की रक्षा और देश की उन्नति के लिए भी प्रार्थना कीजिए।”
मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील सोच के कारण आज हजारों बुजुर्ग बिना किसी आर्थिक चिंता के सम्मानपूर्वक तीर्थ यात्रा कर पा रहे हैं।
चार जिलों के 970 श्रद्धालु, अब नेपाल के पशुपतिनाथ की भी होगी हवाई यात्रा
इस पहली विशेष ट्रेन में चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।
- जयपुर – 161 श्रद्धालु
- कोटपुतली-बहरोड़ – 177 श्रद्धालु
- धौलपुर – 213 श्रद्धालु
- झालावाड़ – 419 श्रद्धालु
देवस्थान मंत्री ने बताया कि आगामी चरण में 20 जुलाई – अजमेर से, 24 जुलाई – जोधपुर से और 30 जुलाई – उदयपुर से ट्रेन रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना होंगी।
इसके साथ ही 20 जुलाई से 22 सितंबर 2026 तक नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के लिए हवाई यात्रा भी शुरू होगी। नई दिल्ली से प्रतिदिन 44 वरिष्ठ नागरिक विमान के जरिए काठमांडू जाएंगे। पहले चरण में 2,860 श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठाएंगे, जबकि शेष यात्रियों को दिसंबर में भेजा जाएगा।
read also:वेलकम टू द जंगल’ तीसरे मंडे हुई फुस्स, 18वें दिन लाखों में सिमटी कमाई, जानें- टोटल कलेक्शन
बुजुर्गों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान
सरकार ने यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। 970 वरिष्ठ नागरिकों के साथ 30 सरकारी कर्मचारियों का दल भी यात्रा पर भेजा गया है। ट्रेन में ट्रेन प्रभारी, अनुदेशक, चिकित्सा स्टाफ और स्वास्थ्य सहायzता टीम चौबीसों घंटे मौजूद रहेगी। यात्रा के दौरान भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
————————–
#RajasthanNews, Jaipur, #DevasthanDepartment, #SeniorCitizens, #Pilgrimage, #Rameswaram, #Madurai, #MeenakshiTemple, #Pashupatinath, #NepalTrip, #BhajanlalSharma, #JoraramKumawat, #ReligiousTourism, #RajasthanGovernment, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026, रामेश्वरम यात्रा, मदुरई मीनाक्षी मंदिर, राजस्थान देवस्थान विभाग, जोराराम कुमावत, भजनलाल शर्मा, वरिष्ठ नागरिक यात्रा, नेपाल पशुपतिनाथ यात्रा, दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन, राजस्थान सरकार
