
करीब 75% जयपुर में सोमवार को 24 घंटे का इंटरनेट का ब्लैकआउट, सोशल मीडिया भी प्रतिबंधित
साेमवार को जयपुर हाईअलर्ट मोड पर…
जयपुर में संभागीय आयुक्त ने जारी किए इंटरनेट सेवा बंद करने के आदेश
सड़क चौड़ीकरण अभियान से पहले हाई अलर्ट जारी
50 से अधिक कॉलोनियों पर पड़ेगा असर
राजधानी में विकास के लिए पांच धार्मिक स्थलों को शिफ्ट करने की तैयारी
विजय श्रीवास्तव,
जयपुर,dusrikhabar.com। प्रदेश की राजधानी जयपुर में सोमवार दिनांक 8 जून 2026 को करीब 75फीसदी शहर में इंटरनेट सेवाओं का ब्लैकआउट रहेगा। राजस्थान की राजधानी जयपुर सोमवार को एक बड़े प्रशासनिक अभियान की साक्षी बनने जा रही है। जगतपुरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई इलाकों में 24 घंटे के इंटरनेट ब्लैकआउट का फैसला लिया है।
रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बंद रहेंगे। इस कार्रवाई के केंद्र में न केवल सड़क सीमा में आ रहे अतिक्रमण हैं, बल्कि पांच धार्मिक स्थलों को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई भी शामिल है, जिसके चलते प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं।
सड़क चौड़ीकरण के लिए बड़ा अभियान, जगतपुरा बना केंद्र
जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) सोमवार को जगतपुरा क्षेत्र में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। यह सड़क वर्तमान में कई स्थानों पर केवल 25 से 30 फीट चौड़ी रह गई है, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में इसकी चौड़ाई 80 फीट दर्ज है।
करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा यह मार्ग नंदपुरी अंडरपास को जगतपुरा से जोड़ता है और छह प्रमुख कॉलोनियों के बीच से होकर गुजरता है। प्रशासन का मानना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद इस क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
read also:आम आदमी को महंगाई का नया झटका, रसोई गैस सिलेंडर हुआ 29 रुपए महंगा…
अफवाहों की आशंका के चलते इंटरनेट और सोशल मीडिया पर रोक
प्रशासन को आशंका है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं या अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। इसी को देखते हुए संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के तहत 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और अन्य इंटरनेट आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सेवाओं पर भी रोक रहेगी। बल्क एसएमएस सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। हालांकि आवश्यक सरकारी और आपातकालीन सेवाओं को नियमानुसार छूट दी जा सकती है।
यह निर्णय प्रशासन की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत किसी भी संभावित तनावपूर्ण स्थिति को समय रहते नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
read also:20 रुपए सस्ता पेट्रोल, E85 फ्लेक्स फ्यूल लॉन्च: किसानों और पर्यावरण को भी मिलेगा बड़ा फायदा
इन इलाकों में 24 घंटे प्रभावित रहेंगी इंटरनेट सेवाएं
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इंटरनेट प्रतिबंध केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और जयपुर जिले के बड़े हिस्से में लागू किया जाएगा। इस दौरान गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बनीपार्क, कानोता, तूंगा, आंधी, जमवारामगढ़, सामोद, रायसर और गोविंदगढ़ थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
इसके साथ ही चंदवाजी, शाहपुरा, अचरोल, विराटनगर, पावटा, प्रागपुरा, मनोहरपुर, भाबरू, कालाडेरा, चौमूं, हरमाड़ा, झोटवाड़ा, करधनी, वैशाली नगर, सोडाला, श्याम नगर, गांधी नगर, बजाज नगर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, सांगानेर, प्रताप नगर, मुहाना, शिवदासपुरा, बगरू, दूदू, फागी और फुलेरा समेत जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले के सभी थाना क्षेत्रों को भी प्रतिबंध के दायरे में रखा गया है। प्रशासन के अनुसार इन क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना के प्रसार को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
read also:‘अचानक साजिश हुई, वरना मैं होता कांग्रेस अध्यक्ष’, अशोक गहलोत का दावा
पांच धार्मिक स्थलों को हटाने की तैयारी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
सोमवार की कार्रवाई का सबसे संवेदनशील पहलू सड़क सीमा (राइट ऑफ वे) में आ रहे पांच धार्मिक स्थलों को हटाना है। इनमें एक मस्जिद, दो मंदिर, एक सत्संग भवन और एक मजार शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, संबंधित प्रबंधन समितियों और स्थानीय लोगों को पहले ही स्वयं निर्माण हटाने के लिए समय दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद अब JDA प्रशासनिक कार्रवाई करेगा।
इसी संवेदनशीलता को देखते हुए जयपुर, कोटा और भरतपुर रेंज से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। परकोटा सहित शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर टीमें भी सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर बनाए रखेंगी ताकि किसी भी प्रकार की भड़काऊ या भ्रामक सामग्री को तुरंत रोका जा सके।
पहले हटाए जा चुके हैं 134 अतिक्रमण, अब दूसरे चरण की कार्रवाई
JDA विजिलेंस शाखा के उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा के अनुसार, 22 मई को इसी मार्ग पर अभियान चलाकर 134 अतिक्रमण हटाए गए थे। उस समय सड़क सीमा में आने वाले धार्मिक स्थलों और अन्य निर्माणों को हटाने के लिए संबंधित पक्षों को समय दिया गया था।
अब प्रशासन दूसरे चरण में उन निर्माणों को हटाने की तैयारी कर चुका है जो निर्धारित समय सीमा के बाद भी सड़क सीमा में बने हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह राजस्व रिकॉर्ड और नियमानुसार की जा रही है।
प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना लंबे समय से लंबित थी और क्षेत्र के विकास के लिए इसे पूरा करना आवश्यक है।
50 से अधिक कॉलोनियों को मिलेगा लाभ, लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद हरे कृष्णा मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और नंदपुरी से जगतपुरा तक बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होगी। इस परियोजना का लाभ आसपास की 50 से अधिक कॉलोनियों के निवासियों को मिलेगा।
मालवीय नगर, प्रधान मार्ग, अपेक्स सर्किल और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंच आसान होने से दैनिक आवागमन में लगने वाला समय भी कम होगा। लंबे समय से ट्रैफिक जाम और संकरी सड़क की समस्या झेल रहे स्थानीय निवासियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन ने आमजन से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
————————–
