
उदयपुर में पुलिसकर्मियों ने खेली होली: पंजाबी गीतों पर झूमे जवान-अधिकारी
उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता और एसपी योगेश गोयल ने दी उदयपुर वासियों को होली की बधाई
एसपी योगेश गोयल के नेतृत्व में सैकड़ों पुलिसकर्मी रंग-गुलाल में सराबोर
कॉन्स्टेबल से लेकर डीएसपी तक सभी ने एक साथ खेली होली
वज्र वाहन की तेज पानी की बौछारों से बारिश जैसा बना माहौल
विजय श्रीवास्तव/सुश्री सोनिया,
उदयपुर,dusrikhabar.com। उदयपुर पुलिस लाइन में धुलंडी के बाद गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने होली उत्सव मनाया। एसपी योगेश गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों पुलिसकर्मी रंग, गुलाल, संगीत और नृत्य के साथ जमकर झूमे। खास बात यह रही कि विरोध प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए उपयोग में आने वाले वज्र वाहन से पानी की बौछारों के बीच पुलिसकर्मियों ने होली खेली, जिससे पूरा माहौल बारिश जैसा हो गया। इधर उदयपुर में जिला कलेक्टर नमित मेहता और SP योगेश गोयल ने एक दूसरे संग मनाया रंगोत्सव, उदयपुर वासियों को होली की बधाई दी।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 6 मार्च, शुक्रवार, 2026
पुलिस लाइन में रंग, गुलाल और मस्ती का अनोखा माहौल
धुलंडी के बाद गुरुवार को उदयपुर पुलिस लाइन समेत कई पुलिस थानों में रंगों का उत्सव देखने को मिला। यहां आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने भाग लिया और रंग-गुलाल के साथ होली का आनंद उठाया। कार्यक्रम में एसपी योगेश गोयल के नेतृत्व में सभी पुलिस अधिकारी और जवान एक साथ शामिल हुए। पूरे परिसर में गीत-संगीत और नृत्य का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मी फिल्मी और पंजाबी गीतों की धुन पर जमकर थिरकते नजर आए।
read also:ITB बर्लिन 2026 में बदलती राजस्थान पर्यटन की तस्वीर, पर्यटन को नया बूस्ट-अप…!

पंजाबी और फिल्मी गीतों पर झूमे पुलिसकर्मी
होली के इस आयोजन में कॉन्स्टेबल से लेकर थानाधिकारी और डीएसपी तक सभी अधिकारी और जवान एक साथ झूमते दिखाई दिए। करीब तीन घंटे तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने खुलकर होली का आनंद लिया। इस दौरान सभी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की बधाई देते रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हुईं और उन्होंने भी पूरे उत्साह के साथ रंगों के इस त्योहार का आनंद लिया।
वज्र वाहन की पानी की बौछारों में खेली गई होली
इस आयोजन की सबसे खास बात रही वज्र वाहन से की गई पानी की बौछारें। आमतौर पर विरोध प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल होने वाला यह वाहन इस बार होली के जश्न का हिस्सा बन गया। तेज पानी की फुहारों से पूरा माहौल बारिश जैसा हो गया और पुलिसकर्मी रंगों के साथ इन बौछारों में भीगते हुए जश्न मनाते नजर आए। इससे कार्यक्रम में उत्साह और भी बढ़ गया।

हर साल धुलंडी के बाद होता है आयोजन
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हर वर्ष धुलंडी के अगले दिन पुलिस लाइन में होली उत्सव आयोजित किया जाता है। दरअसल धुलंडी के दिन पुलिसकर्मी पूरे शहर में कानून-व्यवस्था संभालने में व्यस्त रहते हैं, इसलिए अगले दिन सभी अधिकारी और जवान एक साथ मिलकर रंगों के इस पर्व को मनाते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच आपसी भाईचारे और उत्साह को बढ़ाना भी होता है।
—————-
#Udaipur News, #Udaipur Police, #Holi Celebration, #Rajasthan Police, #Udaipur Police Line, #Yogesh Goyal, #Dhulandi Celebration, उदयपुर पुलिस होली, उदयपुर पुलिस लाइन, वज्र वाहन होली, एसपी योगेश गोयल, उदयपुर होली उत्सव, पुलिसकर्मी होली जश्न, धुलंडी उदयपुर
