
राजधानी जयपुर में सरकारी संस्थानों में मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
राज्य और केंद्र सरकार के कार्यालयों में फहराया गया तिरंगा
देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगान से गूंजे सरकारी परिसर
संविधान, कर्तव्य और राष्ट्र निर्माण का लिया गया संकल्प
विजय श्रीवास्तव, संदीप
जयपुर, dusrikhabar.com। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जयपुर में राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में समारोह आयोजित किए गए। राजस्थान आवासन मण्डल, डीएलबी मुख्यालय, जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और केंद्रीय सदन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संविधान, एकता और अखंडता के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और कलाकारों ने राष्ट्र निर्माण में योगदान का संकल्प लिया।

राजस्थान आवासन मण्डल मुख्यालय पर गूंजा ‘सारे जहां से अच्छा’
जयपुर स्थित राजस्थान आवासन मण्डल मुख्यालय पर सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आवासन मण्डल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टि ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। पृष्टि ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 27जनवरी, मंगलवार, 2026
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता को मजबूत बनाए रखना और राष्ट्र की प्रगति में सतत योगदान देना हम सभी का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप आचरण करते हुए शांति और भाईचारे की परंपराओं को अक्षुण्ण रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर गीतकारों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें ‘सारे जहाँ से अच्छा हिंदुस्ता हमारा’ जैसे तरानों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। समारोह में उप सचिव डॉ. अशोक कुमार, अन्य उच्च अधिकारी, अभियंता एवं कार्मिक मौजूद थे।

डीएलबी मुख्यालय में निदेशक प्रतीक जुईकर ने फहराया तिरंगा
डीएलबी मुख्यालय पर सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक प्रतीक जुईकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
read also:गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पत्रकारिता और साहित्य की विभूतियां सम्मानित
जुईकर ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित गणतंत्र के नागरिक होना हमारा सौभाग्य है। यह गणतंत्र हमें आजादी के आंदोलन में अनगिनत अमर शहीदों के बलिदान से प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखण्डता को मजबूत बनाए रखना तथा राष्ट्र की प्रगति में सतत योगदान देना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर उच्च अधिकारी, अभियंता एवं विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में 8.15 बजे फहराया गया राष्ट्रध्वज
जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार प्रातः 8.15 बजे पुलिस कमिश्नरेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को मिठाई वितरित कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन एवं यातायात) योगेश दाधीच, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) राजेश कांवत, पश्चिम डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा, अपराध डीसीपी अभिजीत सिंह, यातायात डीसीपी सुमित मेहरड़ा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पार्थ शर्मा, लाखन मीणा, राजेंद्र सिंह सहित पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
read also:गणतंत्र दिवस पर राजभवन से अमर जवान ज्योति तक गूंजा देशभक्ति का संदेश

केंद्रीय सदन परिसर में मौलिक कर्तव्यों का दिया गया संदेश
जयपुर के केंद्रीय सदन परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो की अपर महानिदेशक ऋतु शुक्ला ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का बोध होना भी अत्यंत आवश्यक है।
ऋतु शुक्ला ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहना होगा और देश के विकास में योगदान देना होगा। इस मौके पर सीजीएचएस के अपर निदेशक डॉ. राम शंकर रावत ने केंद्रीय कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत विश्व का सर्वश्रेष्ठ लोकतंत्र है।
read also:लोकतंत्र के पर्व-गणतंत्र दिवस पर सरकारी संस्थानों में शान से फहराया तिरंगा
कार्यक्रम में केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS), कदन्न विकास निदेशालय, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (NCB), विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय सहित भारत सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह को विशेष बना दिया।

राष्ट्र सेवा को सच्ची देश भक्ति: वासुदेव मालावत
निदेशक समेकित बाल विकास सेवाएं वासुदेव मालावत ने सोमवार को 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आईसीडीएस मुख्यालय पर तिरंगा फहराया।
read also:JSG महानगर ग्रुप का 51सदस्यीय दल हांगकांग-मकाउ-शेन्जिन यात्रा पर रवाना
आईसीडीएस निदेशक ने राष्ट्र सेवा का आह्वान करते हुए कहा कि निष्ठा के साथ राष्ट्र सेवा किया जाना ही सच्ची देश भक्ति है। इस अवसर पर कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वन्देमातरम का गायन किया गया। वहीं वन्देमातरम सेल्फी बूथ पर सेल्फी भी ली गई, वहीं महिला बाल विकास विभाग के सहायक निदेशक (जनसंपर्क) गजाधर भरत ने भी देशभक्त गायन प्रस्तुत किया।
————-
#Republic Day Jaipur, #Rajasthan News, #Tiranga Aarohan, #Constitution of India, #Government Offices, 77th Republic Day, Jaipur Republic Day Celebrations, National Flag Unfurled, Constitution and Duties, Rajasthan Government Offices
