
जनता में अविश्वास का सामना नहीं कर पाएगी बीजेपी-आप
मणिपुर में जनता परेशान, संसद में फिल्मी गाने का ज़िक्र कर रहे पीएम मोदी
संसद में जनता की बुलंद आवाज़ राघव चड्ढा का निलंबन तानाशाहीपूर्ण
पूर्ण बहुमत का अंहकार ही बीजेपी को सत्ता से बेदखल करवाएगा
जयपुर। जैसे-जैसे 2024 के चुनाव नज़दीक आ रहे हैं आम आदमी पार्टी भी अपना वर्चस्व बनाने के अथक प्रयास कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में दिए गए भाषण को लेकर अपने तीरों का निशाना लगाया।
अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करके विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही केंद्र सरकार
उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भले ही गुरुवार को गिर गया हो, लेकिन बीजेपी और केंद्र सरकार के कारनामों से जनता के मन में जो अविश्वास है वो केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी की सरकार को निश्चित गिराएगी। जिस तरह से केंद्र सरकार अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करके आम आदमी पार्टी समेत विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है उसका जवाब आगामी चुनाव में जनता जरूर देगी।
विधानसभा चुनाव में बीजेपी का बैंड बजाने के लिए तैयार जनता
नवीन पालीवाल ने कहा कि संसद में पीएम मोदी पूर्ण बहुमत को लेकर इतने आश्वस्त थे कि उन्हें मणिपुर की करीब 1 घंटा 32 मिनट बाद याद आई। वो भी ऐसे वक्त पर जब विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया। मणिपुर कई महीनों से परेशानियां झेल रहा है, महिलाओं के साथ जघन्य अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है, जिनकी एफआईआर दर्ज होने में भी महीनों लग रहे हैं। जनता दर्द से कराह रही है, लेकिन मोदी संसद में शराबी फिल्म के गाने का जिक्र कर रहे हैं। बीजेपी ये न भूले कि आगामी चुनाव में जनता बीजेपी का बैंड बजाने के लिए तैयार बैठी है।
आवाज पर पहरा लोकतंत्र के लिए सही नहीं
आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आम आदमी पार्टी के खिलाफ अपना तानाशाही रवैया अपनाए हुए है। पहले दिल्ली सेवा बिल, उसके बाद आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह जी का निलंबन और अब सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा से निलंबित कर दिया। आज देश के हालात ऐसे बना दिए गए हैं कि जो भी केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है उसको सदन से बाहर कर निलंबित कर दिया जाता है। मौजूदा केंद्र सरकार ने एक लोकतांत्रित देश में लोगों को आवाज उठाने पर पहरा लगा दिया है, जो कि लोकतंत्र के लिए सही नहीं है। बीजेपी को आगाह करते हुए पालीवाल ने कहा कि जब चिराग बुझने वाला होता है तो उसकी लौ बढ़ जाती है उसी तरह बीजेपी भी है अब आगामी चुनाव में इनका सियासी चिराग भी बुझने वाला है तभी इतना फड़फड़ा रहे हैं।
बीजेपी नेता आज राजस्थान की जनता के बीच जाकर वोट मांगने की स्थिति में नहीं
पालीवाल ने कहा कि राजस्थान की जनता पिछले साढ़े चार साल से ज्यादा समय से कई तरह की समस्याओं से जूझती रही है लेकिन बीजेपी नेताओं ने उनकी सुध नहीं ली और न ही सदन में जनता की आवाज बने इसलिए आज बीजेपी नेता जनता के बीच वोट मांगने से भी हिसकिचा रहे हैं। जब जनता के बीच कोई नहीं था तब भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच मौजूद थे औऱ उनकी हर संभव मदद कर रहे थे। राजस्थान की जनता ने अब प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है। सरकार बनते ही राजस्थान में बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था और रोजगार, महिला सुरक्षा को लेकर काम किए जाएंगे। राजस्थान का भी दिल्ली औऱ पंजाब की तर्ज पर विकास कराया जाएगा
