
सिटी पार्क मानसरोवर में अटल काव्य स्मारक,अटल लोकतंत्र उपवन को मंजूरी..
राजस्थान आवासन मंडल की 254वीं बोर्ड बैठक में विकासोन्मुख फैसलों को मंजूरी
सिटी पार्क मानसरोवर में बनेगा अटल काव्य स्मारक और अटल लोकतंत्र उपवन
नई आवासीय योजनाओं, भूमि चिन्हांकन और ऑनलाइन सेवाओं को मिली हरी झंडी
हनुमानगढ़ और भिवाड़ी की योजनाओं की आवेदन तिथि 28 फरवरी तक बढ़ी
नवीन सक्सेना,
जयपुर, dusrikhabar.com। राजस्थान आवासन मंडल की 254वीं बोर्ड बैठक मंगलवार को मंडल मुख्यालय में आयोजित की गई, जिसमें नगरीय विकास एवं आवासन विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहितकारी और विकासोन्मुख निर्णयों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शासन सचिव एवं मंडल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टी ने की। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की घोषणाओं के अनुरूप कई अहम प्रस्तावों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 4 फरवरी, बुधवार, 2026
सिटी पार्क मानसरोवर में बनेगा अटल काव्य स्मारक
बैठक में जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में अटल काव्य स्मारक एवं अटल लोकतंत्र उपवन के विकास हेतु डीपीआर तैयार करने और वास्तुविद की नियुक्ति को प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी दी गई। यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को समर्पित होगी। आईजी नगर में बाल संप्रेक्षण गृह: बैठक में आईजी नगर सेक्टर 34-35 में मंडल बाल संप्रेक्षण गृह के लिए 2500 वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इस संबंध में प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
read also:मध्यप्रदेश से किराए पर EVM मंगवाकर चुनाव कराएगा राजस्थान, एमओयू

राजस्थान आवासन मंडल की 254वीं बोर्ड बैठक लेते प्रमुख शासन सचिव एवं मंडल अध्यक्ष देबाशीष पृष्टी
लेआउट संशोधन और भू-उपयोग परिवर्तन के लिए जिलावार शिविर
मंडल अध्यक्ष श्री देबाशीष पृष्टी ने बताया कि नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के मार्गदर्शन में लेआउट प्लान संशोधन और भू-उपयोग परिवर्तन के लिए जल्द ही जिलावार शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही इन सेवाओं को सुगम बनाने के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया जाएगा।
read also:रणदीप हुड्डा ब्रांड एंबेसडर, अलवर टाइगर इंटरनरेशनल हॉफ मैराथन 8 को…
आवासीय योजनाओं को मिल रहा सकारात्मक रिस्पॉन्स
बैठक में बताया गया कि बुधवार नीलामी, प्रीमियम संपत्तियों और आवासीय योजनाओं को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया जनता के जनविश्वास को दर्शाती है। हनुमानगढ़ और भिवाड़ी की आवासीय योजनाओं की आवेदन अवधि 28 फरवरी तक बढ़ा दी गई है, जबकि जयपुर, जैसलमेर सहित अन्य शहरों में जल्द ही नई आवासीय योजनाएं शुरू की जाएंगी।
read also:मुम्बई में एयर इंडिया और इंडिगो विमानों के पंख टकराए, बड़ा हादसा…
ड्रोन सर्वे और लंबित संपत्तियों के निस्तारण को मंजूरी, संपत्तियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में भूमि चिन्हांकन, ड्रोन सर्वे, आरएफएसडीएल (RFSDL) के माध्यम से लंबित संपत्तियों के निस्तारण और विभिन्न आवासीय योजनाओं के विकास कार्यों हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं। आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने निर्णयों की त्वरित क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंडल की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए सीमांकन, साइनेज और फेंसिंग को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
बैठक में मंडल सचिव गोपाल सिंह, उप सचिव डॉ. अशोक कुमार, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, टी.एस. मीणा, वित्तीय सलाहकार के.सी. कुमावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
———–
#Rajasthan Housing Board, #Jaipur News, #Urban Development, #Atal Memorial, #Housing Scheme, #Rajasthan News, राजस्थान आवासन मंडल, 254वीं बोर्ड बैठक, अटल काव्य स्मारक, अटल लोकतंत्र उपवन, सिटी पार्क मानसरोवर, आवासीय योजनाएं, नगरीय विकास विभाग
