पश्चिम एशिया संकट में प्रवासी राजस्थानियों के लिए ‘सुरक्षा कवच…

पश्चिम एशिया संकट में प्रवासी राजस्थानियों के लिए ‘सुरक्षा कवच…

राजस्थान फाउंडेशन और वैश्विक संगठनों की समन्वित पहल तेज

खाड़ी देशों में फंसे नागरिकों को आवास, भोजन और सुरक्षित वापसी में मिल रहा सहयोग

दुबई–अबू धाबी से लेकर सऊदी, बहरीन, कुवैत और ओमान तक चैप्टर्स सक्रिय

राज्य सरकार के मार्गदर्शन में हेल्पलाइन, वैकल्पिक यात्रा मार्ग और आधिकारिक सूचनाओं पर जोर

नवीन सक्सेना,

जयपुर,dusrikhabar.com। पश्चिम एशिया एवं खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों के बीच प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान सरकार के निर्देशन में राजस्थान फाउंडेशन (राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग – डोरा) ने व्यापक और बहुस्तरीय सहयोग तंत्र सक्रिय कर दिया है। संकट की इस घड़ी में वैश्विक स्तर पर फैले राजस्थानी समुदाय ने एकजुट होकर सेवा और समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत किया है। 

जोधपुर के 119 श्रद्धालु, जो 24 फरवरी को आध्यात्मिक यात्रा पर यूएई गए थे और मध्य पूर्व की युद्ध जैसी स्थिति के कारण अबू धाबी में फँस गए थे — उनकी सुरक्षित भारत वापसी राजस्थान फाउंडेशन दुबई चैप्टर एवं आईपीएफ दुबई, राजस्थान काउंसिल के सहयोग से सुनिश्चित हुई।

read also:19 जिलों में राजस्थान पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 214 गिरफ्तार

खाड़ी देशों में सक्रिय हुए अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स

पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए राजस्थान फाउंडेशन के अंतरराष्ट्रीय चैप्टर्स एवं विभिन्न प्रवासी राजस्थानी एसोसिएशन्स तुरंत प्रभाव से सहायता कार्यों में जुट गए हैं। यूएई के दुबई चैप्टर और सऊदी अरब चैप्टर्स के साथ-साथ बहरीन, कुवैत और ओमान सहित कई देशों में कार्यरत राजस्थानी संगठनों ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग की जिम्मेदारी संभाल ली है।

इन संगठनों द्वारा प्रभावित प्रवासियों के लिए आवास, भोजन, स्थानीय संपर्क, सुरक्षित स्थानों तक पहुंच, दस्तावेजी सहायता और वापसी की प्रक्रिया में समन्वय जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

read also:नीतीश जाएंगे राज्यसभा, बेटे निशांत बनेंगे डिप्टी CM… बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन?

पर्यटन, नौकरी और सामाजिक आयोजनों में गए लोग भी प्रभावित

वर्तमान हालातों के कारण वे लोग भी प्रभावित हुए हैं जो पर्यटन, रोजगार, व्यापार, विवाह या धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए खाड़ी देशों में गए थे। युद्ध जैसी परिस्थितियों और हवाई क्षेत्रों में लगाए गए प्रतिबंधों ने कई यात्रियों की वापसी योजनाओं को प्रभावित किया है। ऐसे में जहां-जहां भी प्रवासी फंसे हैं, वहां स्थानीय राजस्थानी समुदाय सक्रिय होकर उनकी सुरक्षित वापसी, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था में जुटा है।

दुबई और अबू धाबी में समन्वित राहत प्रयास

दुबई में फंसे यात्रियों के लिए राजस्थान फाउंडेशन दुबई चैप्टर के सहयोग से भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। अबू धाबी में एक समारोह में सम्मिलित होने गए बैंगलोर के लगभग 100 राजस्थानी नागरिकों की सुरक्षित भारत वापसी में भी दुबई चैप्टर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समन्वित प्रयासों के माध्यम से इन नागरिकों को सुरक्षित रूप से स्वदेश लौटने में सहायता प्रदान की गई।

read also:चांदी के रथ पर निकले सांवलिया सेठ, भव्य होली: गुलाल से सराबोर मंडफिया

JITO और मारवाड़ी युवा मंच ने भी संभाली जिम्मेदारी

इस मानवीय अभियान में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (JITO) और मारवाड़ी युवा मंच जैसे सामाजिक संगठनों ने भी अपनी अंतरराष्ट्रीय शाखाओं को सक्रिय कर दिया है। इन संगठनों द्वारा आवास, भोजन, परामर्श और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। विभिन्न देशों में स्थानीय राजस्थानी मंचों और सामुदायिक संगठनों ने सेवा भावना और सामाजिक एकजुटता का उल्लेखनीय परिचय दिया है।

आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील

प्रवासियों को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति से बचाने के लिए वैकल्पिक यात्रा मार्गों, वीज़ा प्रक्रियाओं और भारत सरकार द्वारा स्थापित नियंत्रण कक्ष से संबंधित जानकारियां नियमित रूप से साझा की जा रही हैं।

read also:जयपुर में अनुपम खेर का 500वां शो: RIC में गूंजेगा ‘कुछ भी हो सकता है’…

राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में वैश्विक राजस्थानी समुदाय ने उत्तरदायित्व और सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित चैप्टर्स और भारत सरकार के मिशनों के साथ सतत समन्वय जारी है तथा प्रत्येक प्रवासी राजस्थानी की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें और आवश्यकता पड़ने पर अधिकृत हेल्पलाइन या निकटतम चैप्टर से संपर्क करें।

राज्य सरकार के सभी आवश्यक कदम जारी

प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा, समन्वय और सहायता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार और वैश्विक राजस्थानी समुदाय का यह संयुक्त प्रयास राहत और विश्वास का मजबूत आधार बनकर उभरा है।

——————–

#RajasthanFoundation, #PravasiRajasthani, #WestAsiaCrisis, #GulfCountries, #DubaiChapter, #NRI, #RajasthanGovernment, #JITO, #MarwariYuvaManch, प्रवासी राजस्थानियों की सुरक्षा, राजस्थान फाउंडेशन, पश्चिम एशिया संकट, खाड़ी देश, दुबई चैप्टर, सुरक्षित वापसी, वैश्विक राजस्थानी समुदाय, JITO, मारवाड़ी युवा मंच

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )

अपने सुझाव हम तक पहुंचाएं और पाएं आकर्षक उपहार

खबरों के साथ सीधे जुड़िए आपकी न्यूज वेबसाइट से हमारे मेल पर भेजिए आपकी सूचनाएं और सुझाव: dusrikhabarnews@gmail.com