
नेशनल ब्रांड बनने की राह पर “सरस”: दिल्ली के बीकानेर हाउस में सरस आउटलेट का काम शुरु
देश की राजधानी दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में खुलेगा अत्याधुनिक सरस पार्लर
NCR और पड़ोसी राज्यों में सरस आउटलेट्स के लिए 100 करोड़ की विस्तार योजना
महाकाल उज्जैन और गोवर्धनजी जैसे धार्मिक स्थलों पर भी मिलेंगे सरस उत्पाद
मुख्यमंत्री भजनलाल की राजस्थानी संस्कृति और स्वाद को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल
बजट 2026-27 में घोषित योजना पर तेजी से अमल शुरू
विजय श्रीवास्तव,
जयपुर,dusrikhabar.com। राजस्थान सरकार ने सरस ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर अब राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) देशभर में अपने नेटवर्क का विस्तार करेगा। दिल्ली के बीकानेर हाउस से शुरुआत करते हुए NCR और अन्य राज्यों में सरस आउटलेट्स खोलने की तैयारी है।

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा
राजस्थान के लोकप्रिय डेयरी ब्रांड सरस को अब राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में इस पहल को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
आपको बता दें कि नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में सरस पार्लर खोलने के लिए 30×40 फीट भूमि आवंटित कर दी गई है।
यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सरस पार्लर तैयार किया जाएगा, जहां उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले डेयरी उत्पाद उपलब्ध होंगे।

वरिष्ठ IAS, श्रुति भारद्वाज, प्रशासक और प्रबंध निदेशक RCDF
RCDF की प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज के अनुसार, यह विस्तार केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि NCR, उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश में भी सरस आउटलेट्स खोले जाएंगे। धार्मिक स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में सरस पार्लर खोला जाएगा, वहीं गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र में भी आउटलेट्स स्थापित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध डेयरी उत्पाद आसानी से मिल सकें।
इन आउटलेट्स पर दूध, दही, छाछ, लस्सी, घी, मक्खन और श्रीखंड जैसे उत्पादों के साथ-साथ पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। इससे राजस्थान की संस्कृति और स्वाद को देशभर में पहचान मिलेगी।
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है, जिससे सरस ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया जा सके।
———————
#SarasBrand, #RajasthanDairy, #RCDF, #BhajanLalSharma, #DairyIndustry, #NCRExpansion, #MilkProducts, #RajasthanNews, #IndiaDairy, #CooperativeSector, सरस ब्रांड, राजस्थान डेयरी, RCDF, भजन लाल शर्मा, सरस पार्लर, डेयरी उत्पाद, NCR विस्तार, राजस्थान सरकार योजना
