
राष्ट्रपति करेंगे विवि का उद्घाटन, रखेंगे आधारशिला भी
आज से चार दिन के उत्तरप्रदेश दौरे पर हैं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
डीआईजी, 13 एसपी, 2500 पुलिसकर्मी, पीएसी और पैरा मिलिट्री फोर्स सुरक्षा में तैनात

लखनऊ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज से चार दिनों के उत्तरप्रदेश के दौरे पर हैं। इन चार दिनों में कोविंद तीन खास शहर लखनऊ, गोरखपुर और अयोध्या का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति की गोरखपुर यात्रा से पूर्व उनकी सुरक्षा को लेकर उनके सुरक्षा अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संतुष्टि कर ली है। राष्ट्रपति 28 अगस्त को गोरखपुर दौरे पर जाएंगे, जहां वे महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष महाविद्यालय की आधारशिला रखेंगे साथ ही महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर डीआईजी समेत 13 एसपी, 2500 पुलिसकर्मी, पीएसी और पैरा मिलिट्री फोर्स को उनकी सुरक्षा में तैनात किया गया है।
