
फाल्गुनी लक्खी मेले में खाटूश्यामजी में तीसरे दिन तक उमड़े 4.10लाख श्रद्धालु…
आस्था का महाकुंभ: फाल्गुनी लक्खी मेले में राजस्थान पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा
तीन दिन में रिकॉर्ड 4,10,316 श्रद्धालुओं ने टेका माथा
बहुस्तरीय सुरक्षा, ड्रोन निगरानी और विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
खाटूश्यामजी मेला में ‘सेल्फी प्रतियोगिता’ से बढ़ेगा पुलिस-जन संवाद
नवीन सक्सेना,
जयपुर/सीकर,dusrikhabar.com। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटूश्यामजी मंदिर में आयोजित आठ दिवसीय फाल्गुनी लक्खी मेला के तीसरे दिन आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से आए श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाते नजर आए। जयकारों और भक्ति संगीत से गूंजती श्याम नगरी पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर है। तीन दिनों में कुल 4,10,316 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। वहीं, मेले की विशालता को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
read also:कैसा रहेगा आपका आज, क्या कहता है भाग्यांक? 24 फरवरी,मंगलवार, 2026

तीन दिन में 4.10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
आठ दिवसीय फाल्गुनी लक्खी मेला के तीसरे दिन सायं तक कुल 4,10,316 श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। अत्याधुनिक गणना कैमरों को 75 फुट मार्ग पर स्थापित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सटीक गणना की जा रही है।
-
प्रथम दिन: 1,24,324 श्रद्धालु
-
द्वितीय दिन: 1,97,992 श्रद्धालु
-
तृतीय दिन (सायं तक): 88,000 श्रद्धालु
read also:नागौर में राजस्व तंत्र होगा और मजबूत, 72 नवनियुक्त पटवारी होंगे तैनात…
रींगस रोड से तोरणद्वार, अस्पताल चौराहा, गढ़ धर्मशाला और रामजी द्वार होते हुए 75 फुट मार्ग की 14 कतारों से दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का जज्बा कम नहीं हुआ है।
सोमवार को बाबा श्याम का गुलाबी और सफेद पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने मंदिर परिसर की भव्यता को और अधिक आकर्षक बना दिया।

बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में तैनात राजस्थान पुलिस
मेले की भीड़ और महत्व को देखते हुए राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल, आरएसी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
read also:RTI में खुलासा: 20 साल में 200 बाघों का शिकार, “टाइगर स्टेट” मध्यप्रदेश…
-
संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी
-
पैदल गश्त और कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग
-
सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से भीड़ प्रबंधन
-
सहायता डेस्क और खोया-पाया केंद्र की स्थापना
-
रींगस-खाटू मार्ग पर विशेष ट्रैफिक प्लान
-
आपात स्थितियों के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम तैनात
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में दर्शन कर सकें।
जनसंपर्क विभाग द्वारा योजनाओं का प्रचार-प्रसार
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, राजस्थान द्वारा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “बढ़ता राजस्थान, हमारा राजस्थान” बुकलेट और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पम्पलेट वितरित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को सरकारी उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
read also:आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, ‘रॉयल सलेक्ट डुलेक्स’ विस्की के 871 कार्टन जब्त…
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, अनुशासन बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।
खाटूश्यामजी मेला में ‘सेल्फी प्रतियोगिता’ का नवाचार
पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की पहल
इस बार खाटूश्यामजी मेला में एक अनूठी पहल के तहत ‘श्री खाटूश्यामजी मेला सेल्फी प्रतियोगिता’ आयोजित की गई है। यह पहल राजस्थान पुलिस और सीकर पुलिस द्वारा की गई है।
read also:होलाष्टक पर बन रहा पंचग्रही योग! इन 2 राशियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सहायता और चिकित्सा समन्वय के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यदि श्रद्धालु पुलिस की उत्कृष्ट व्यवस्था या सहयोग का कोई सकारात्मक क्षण देखें, तो वे उस पल की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं।
100 श्रेष्ठ सेल्फी को मिलेगा पुरस्कार
प्रतिभागियों को अपनी सेल्फी के साथ @policerajasthan को टैग करते हुए #SafeWithPolice और #KhatuMelaPolice हैशटैग का उपयोग करना होगा।
चयनित 100 श्रेष्ठ प्रतिभागियों को खाटू श्याम बाबा की आकर्षक तस्वीर, प्रसाद और राजस्थान पुलिस की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
जिले से बाहर के विजेताओं को डाक से पुरस्कार भेजे जाएंगे। पुलिस ने श्रद्धालुओं से आधिकारिक पेज फॉलो करने और किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9667600788 तथा आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करने की अपील की है। इस नवाचार से श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संवाद को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
